नगर निगम

स्वच्छता सर्वेक्षण: बारिश से पहले नालों की सफाई, खुले में कचरा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई

Share

 

– स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वच्छता में देवास को फिर पुरस्कार दिलाने के लिए प्रयास तेज

देवास। स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करने और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम सभाकक्ष में स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुई इस बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, बारिश पूर्व तैयारियों और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ स्वच्छता कार्य में जुटने के लिए प्रेरित किया।

दुर्गेश अग्रवाल ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा, कि कचरा वाहन समय पर प्रत्येक वार्ड में पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने खुले में कचरा फेंकने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई करने के लिए भी कहा। सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और निगरानी पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में देवास नगर निगम को दोबारा पुरस्कार मिले, इसके लिए निगम अमले के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।

हाल ही में देवास दूसरी बार स्वच्छता में नंबर-1 बनने को तैयार, सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियां तेज अभियान को लेकर भी निगम ने कई स्तर पर तैयारियां शुरू की हैं।

बारिश से पहले नालों की सफाई और जलभराव रोकने पर फोकस-
स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ने बारिश के पहले शहर के बड़े और छोटे नालों की सफाई कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां जल जमाव की समस्या रहती है, उन स्थानों को चिन्हित कर पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए।

इसी कड़ी में देवास में स्वच्छता पर निगम सख्त: आयुक्त दलीप कुमार ने वार्ड 17-18 का किया निरीक्षण नालों और नालियों की सफाई तेज करने के निर्देश दिए गए थे।

बैठक में बिना लाइसेंस मांस विक्रय करने वालों पर कार्रवाई करने और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कदम उठाने की बात भी कही गई।

विधायक व महापौर प्रतिनिधि श्री अग्रवाल ने कहा, कि स्वच्छ और सुंदर देवास केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि पूरे शहर की जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से देवास निश्चित रूप से स्वच्छता में नई पहचान बनाएगा।

बैठक में इन बिंदुओं पर भी हुई चर्चा-

– पोकलेन मशीनों से बड़े नालों की सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग
– नालों से निकली गाद समय पर हटाने के निर्देश
– बारिश पूर्व कंट्रोल रूम स्थापित करने की तैयारी
– निगम के कचरा वाहनों की टूटफूट तत्काल वर्कशॉप में सुधारने के निर्देश
– आमजन की सफाई संबंधी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई पर जोर।
– शहर की सुंदरता और स्वच्छता के लिए अवैध फ्लैक्स और बैनर हटाने पर जोर दिया।

ये थे उपस्थित-
बैठक में निगम स्वास्थ्य समिति सदस्य भूपेश ठाकुर, महेश फुलेरी, निगम उपायुक्त आरती खेड़ेकर, प्रभारी कार्यपालन यंत्री इंदुप्रभा भारती, स्वच्छता नोडल सौरभ त्रिपाठी, स्वच्छता निरीक्षक रवि गोयनार, हेमंत उबनारे, भूषण पंवार, ओमप्रकाश पथरोड़, शंकर सांगते, राजेश कौशल सहित निगम स्वच्छता टीम उपस्थित रही।

Back to top button