IPL 2026: पंजाब किंग्स का ऐतिहासिक रन चेज, 265 रन बनाकर दिल्ली को 6 विकेट से हराया

श्रेयस अय्यर की तूफानी बल्लेबाज़ी के आगे राहुल की 152 रनों की पारी फिकी पड़ी
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में एक बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से मात दी।
265 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 18.5 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। यह आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े सफल रन चेज में से एक है।
265 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
पंजाब की शुरुआत आक्रामक रही। प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंद पर 76 रन की तेज पारी खेली, जबकि प्रियांश आर्य ने 17 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, बीच-बीच में दिल्ली के गेंदबाजों ने विकेट लेकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन अय्यर ने अंत तक टिककर टीम को जीत दिला दी।
मैच के दौरान दिल्ली के लिए फील्डिंग में की गई गलतियां भारी पड़ीं। खासकर श्रेयस अय्यर के दो आसान कैच छूटना मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाए। केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में नाबाद 152 रन ठोके। उनकी पारी में 16 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। राहुल की यह पारी आईपीएल में किसी भारतीय बल्लेबाज के सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर में शामिल हो गई।
वहीं, नितीश राणा ने 44 गेंदों पर 91 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच 220 रन की बड़ी साझेदारी हुई।
पंजाब के गेंदबाजों को इस मुकाबले में काफी संघर्ष करना पड़ा। अंत में जेवियर बार्टलेट ने राणा का विकेट जरूर लिया, लेकिन तब तक दिल्ली मजबूत स्कोर खड़ा कर चुकी थी।
मैच के दौरान एक चिंताजनक घटना भी सामने आई, जब फील्डिंग के दौरान लुंगी एनगिडी गिरकर चोटिल हो गए। उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया।
मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन अंत में पंजाब किंग्स ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।




