धर्म-अध्यात्म

पाटीदार समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन 26 अप्रैल को

Share

 

– 60 जोड़ों का होगा परिणय सूत्र में बंधन, भव्य आयोजन की तैयारी शुरू

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। सामाजिक एकता और परंपराओं को सहेजने की दिशा में पाटीदार समाज एक बार फिर भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारी में जुट गया है। इसी क्रम में मनकामेश्वर भोमिया जी हनुमान मंदिर परिसर में बालाजी ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 26 अप्रैल को होने वाले निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में समाज के वरिष्ठजनों और कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से इस वर्ष भी आयोजन को बड़े स्तर पर करने का निर्णय लिया। सम्मेलन में 60 जोड़ों के विवाह संपन्न कराए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जो सामाजिक समरसता और सहयोग की मिसाल बनेगा।

पुजारी विद्याधर वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन दो दिवसीय होगा। 25 अप्रैल को हनुमानजी का विशेष अभिषेक और पूजन किया जाएगा, जिससे आयोजन की शुभ शुरुआत होगी। इसके पश्चात 26 अप्रैल को पूरे विधि-विधान के साथ सामूहिक विवाह होगा।

बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं जैसे अतिथि स्वागत, भोजन, मंच सज्जा, बारात ठहराव, और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समाज के युवाओं और स्वयंसेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

उल्लेखनीय है, कि पाटीदार समाज का यह सामूहिक विवाह सम्मेलन न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बनता है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और संस्कारों को मजबूत करने का भी माध्यम है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को लेकर समाज में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।

बैठक में जितेंद्र बाबा, पाटीदार, महेंद्र पाटीदार, सतीश पाटीदार, महेंद्र पाटीदार, अखिलेश पाटीदार, विनोद पाटीदार, पवन पाटीदार, सुनील पाटीदार, नन्नू नारायण पाटीदार, विनोद पाटीदार आदि समिति के सदस्य मौजूद थे।

Back to top button