सरकारी स्कूल से आईपीएस तक का सफर: देवास एसपी ने विद्यार्थियों में भरा आत्मविश्वास, दिए सफलता के सूत्र

देवास (ओमप्रकाश सेन)। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण सफर को साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। स्कूल परिसर में आयोजित इस प्रेरक सत्र में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ मौजूद रहे।
संवाद के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए कहा, कि सबसे पहले अपने समय को स्वयं को देना सीखें। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में संतुलन बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि यही संतुलन एक मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने विशेष रूप से 9वीं से 10वीं और 11वीं से 12वीं कक्षा में पहुंचे विद्यार्थियों से चर्चा कर उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षाओं के महत्व के बारे में जागरूक किया।

अपने जीवन का उदाहरण साझा करते हुए उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि “स्कूल कभी बड़ा या छोटा नहीं होता, न ही सरकारी और प्राइवेट का फर्क सफलता तय करता है। मैं खुद शासकीय स्कूल में पढ़ा हूं और उसी से आगे बढ़कर IPS बना हूं।” उनके इस अनुभव ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास भर दिया और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी उत्सुकता के साथ प्रश्न पूछे, जिनका एसपी ने सहजता से उत्तर दिया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणादायक रहा, बल्कि उनके भविष्य के लिए मार्गदर्शक भी साबित हुआ।




