क्राइम

Dewas news कैमरों में कैद लूट, जनता की मदद से 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Share

 

– बर्फ गोला विक्रेता को बाइकसवार ने चाकू दिखाकर लुटा था

– ऑपरेशन त्रिनेत्रम और डिजिटल पुलिस मित्र से हो रहे अपराध नियंत्रण में

देवास। जिले में हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा महज 24 घंटे में हो गया। खास बात यह रही कि इस मामले में जनता द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल सहयोग पुलिस के लिए सबसे बड़ा हथियार बने। फुटेज वायरल होने के बाद लोगों ने खुद आरोपी की पहचान कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

चाकू की नोक पर लूट की वारदात-
31 मार्च की रात एक बर्फ गोला विक्रेता ने डायल-112 पर सूचना दी कि जब वह ग्राम पामाखेड़ी से बाजार कर लौट रहा था, तभी ग्राम बाईजगवाड़ा बिजली ग्रिड के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उसे रोक लिया। आरोपी ने चाकू दिखाकर उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया। फरियादी की शिकायत पर थाना सतवास में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की तेज़ रणनीति, बनी विशेष टीम-
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने तुरंत आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत झाझोट के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

ऑपरेशन त्रिनेत्रम बना गेम चेंजर-
जांच के दौरान पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इन फुटेज को डिजिटल पुलिस मित्र व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया, जहां हजारों नागरिक जुड़े हुए हैं।

यहीं से केस में बड़ा मोड़ आया-
जनता ने फुटेज देखकर आरोपी को पहचान लिया और पुलिस को उसका नाम व पता बताया। जनता की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान निलेश पंवार (24 वर्ष) निवासी ग्राम टांडी भंडारिया, थाना सतवास के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।

लूटा गया पूरा सामान बरामद-
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से: धारदार चाकू, पल्सर मोटरसाइकिल, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज तथालूटी गई पूरी राशि बरामद कर ली।

टीम का सराहनीय योगदान- 
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत झाझोट, प्रआर गणेश रावत, रवि राव जाधव, आर अनिल भाभर, लोकेन्द्र शर्मा, शुभम मालवीय
का विशेष योगदान रहा।

पुलिस का संदेश: जनता बने ताकत-
देवास पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” और “डिजिटल पुलिस मित्र” लगातार अपराध नियंत्रण में कारगर साबित हो रहे हैं। जिले में 1100 से अधिक व्हाट्सएप ग्रुप, 22,000 से ज्यादा डिजिटल पुलिस मित्र जुड़े। घटनाओं के फुटेज तुरंत शेयर किए जाते हैं। पहले भी थाना टोंकखुर्द क्षेत्र में हुई बैंक लूट का खुलासा इसी पहल के जरिए 24 घंटे में कर 32 लाख रुपए बरामद किए गए थे।

पुलिस की अपील-
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि:
– अपने घर व दुकानों पर ज्यादा से ज्यादा कैमरे लगाएं।
– डिजिटल पुलिस मित्र ग्रुप से जुड़ें।
– संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत साझा करें। क्योंकि अब सुरक्षा सिर्फ पुलिस नहीं, बल्कि जनता और तकनीक मिलकर सुनिश्चित कर रही है।

Back to top button