स्पोर्टस

टी20 वर्ल्ड कप: अहमदाबाद में इतिहास बदलने उतरेगा भारत

Share

 

अहमदाबाद। भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच टी20 क्रिकेट की प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर चरम पर पहुंचने वाली है। 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद में खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

दिलचस्प बात यह है कि कुल टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड अब तक भारत के खिलाफ बेहतर रहा है। ऐसे में यह फाइनल मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद खास और प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।

हेड-टू-हेड में भारत आगे
मार्च 2026 तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मैचों में सफलता मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा है।

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20I हेड-टू-हेड (मार्च 2026 तक)
कुल मैच: 30
भारत की जीत: 18
न्यूजीलैंड की जीत: 11
टाई/बेनतीजा: 1

घरेलू मैदान पर भारत का दबदबा
भारत में खेले गए मुकाबलों की बात करें तो यहां टीम इंडिया का रिकॉर्ड और भी मजबूत रहा है। भारत ने अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए 16 मैचों में से 11 मुकाबले जीते हैं। इससे साफ है कि घरेलू परिस्थितियां भारतीय टीम के पक्ष में जाती रही हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी
हालांकि टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो अब तक न्यूजीलैंड ने भारत पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाई हुई है। 2026 के फाइनल से पहले तक टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच खेले गए तीनों मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं।

2007 टी20 वर्ल्ड कप:
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए थे। जवाब में गौतम गंभीर के 51 और वीरेंद्र सहवाग के 40 रन के बावजूद भारतीय टीम 180 रन तक ही पहुंच सकी और मैच हार गई।

2016 टी20 वर्ल्ड कप:
न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर केवल 126 रन बनाए थे, लेकिन रोहित शर्मा, शिखर धवन, युवराज सिंह, सुरेश रैना, एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गजों से सजी भारतीय टीम सिर्फ 79 रन पर ऑलआउट हो गई।

2021 टी20 वर्ल्ड कप:
इस मैच में भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर केवल 110 रन बना सकी। न्यूजीलैंड ने यह लक्ष्य 33 गेंद शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया था।

इस बार बदलेगा इतिहास?
अब 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में टीम इंडिया के पास इतिहास बदलने और पिछली हारों का हिसाब चुकता करने का सुनहरा मौका है। मौजूदा भारतीय टीम संतुलित नजर आ रही है। बल्लेबाजी मजबूत है और स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती को छोड़ दें तो गेंदबाजी भी प्रभावी दिखाई दे रही है।

ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस महामुकाबले पर टिकी हैं कि क्या भारत इस बार टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज कर इतिहास बदल पाएगा।

Back to top button