तंत्र का मूल उद्देश्य कुलकुण्डलिनी की सुप्त शक्ति को जाग्रत कर उसे परम शिव से मिला देना

तंत्र साधना के माध्यम से व्यक्ति देवत्व प्राप्ति की यात्रा पथ पर अग्रसर हो सकता है
तंत्र साधना वह आध्यात्मिक अनुशीलन है जो साधक को संकीर्ण और पशुवत बन्धनों से मुक्त कर सकता है
तंत्र साधना और समाज के ऊपर उसका प्रभाव
देवास। आनन्द मार्ग प्रचारक संघ, जूम जागृति द्वारा आयोजित ऑनलाइन सेमिनार की शुरुआत वरिष्ठ आचार्य कल्याणमित्रानंद अवधूत दादाजी के द्वारा संस्थापक सद्गुरु श्री श्री आनन्दमूर्ति की प्रतिकृति पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
आनंद मार्ग प्रचारक संघ देवास के हेमेन्द्र निगम काकू ने बताया, कि कार्यक्रम में देवास, उज्जैन, इंदौर, रेहटी, भोपाल आदि जिलों के साधकों ने भाग लिया। तत्पश्चात सेमिनार के प्रशिक्षक आचार्य कल्याणमित्रानन्द अवधूत ने तंत्र साधना और समाज के ऊपर उसका प्रभाव विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तंत्र या तंत्र साधना मनुष्य के अन्तर्निहित देवत्वबोध को जाग्रत कर उसे परम चेतना में रूपान्तरित करने की पद्धति है। तंत्र साधना वह आध्यात्मिक अनुशीलन है जो साधक को संकीर्ण और पशुवत बन्धनों से मुक्त कर उसके सम्पूर्ण अस्तित्व को विस्तार के पथ पर ले चलता है।
उन्होंने कहा, कि तंत्र वह है जो जाति-वर्ण, सम्प्रदाय, वेद, धर्ममत या मतवाद की बेडियों को तोड़कर आत्म-विस्तार के पथ पर अग्रेषित करता है। तंत्र का मूल उद्देश्य है कुलकुण्डलिनी की सुप्त शक्ति को जाग्रत कर उसे परम शिव से मिला देना।
तंत्र साधनाओं के दो मुख्य आधार बताए गए पुरुषतत्त्व और प्रकृतितत्त्व। तंत्र में बीजमंत्र या बीजाक्षर हैं कृ ह्रं, क्लीं, ऐं, श्रीं आदि। ये सूक्ष्म ध्वन्यात्मक या बीजात्मक शक्तियां हैं। 50 वर्णों के भी 50 बीजाक्षर हैं। तंत्र शुद्धिकरण, स्थूलशुद्धि, नाड़ी, कला, आहार तत्त्व तथा कुलकुण्डलिनी इत्यादि विषयों की व्याख्या प्रस्तुत करता है।
तंत्र में चक्र, चक्राधिष्ठित ग्रंथियां, उपग्रन्थियां, धातुएं इत्यादि की विस्तृत चर्चा की गई है। तंत्र साधना में संकल्प के चार स्तर बताए गए हैं जिसमें पदार्थ, विचार, देवाचार एवं दिव्याचार है। तंत्र में दश प्रकार के भावों की चर्चा की गई है अर्थात मद, मात्सर्य, मत्स्य, क्रोध, अहंकार इत्यादि। व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में तंत्र साधना का कल्याणकारी प्रभाव है। तंत्र में अष्टपाश एवं षडरिपु पर नियंत्रण की व्याख्या की गई है।
तंत्र साधना से उन्नति के परिणामस्वरूप अनेक सिद्धियां प्राप्त होती हैं। ये सिद्धियां अच्छेद्य या आच्छादित नहीं होती हैं। आठ प्रकार की सिद्धियां बताई गई हैं अणिमा, महिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्रकाम्य, ईशित्व, वशित्व और अन्तर्यामित्व। तंत्र में विधानतंत्र एवं अविधानतंत्र के भेदों (उच्च विधा) की भी चर्चा की गई है।
अपने सेमिनार व्याख्यान के अंत में आचार्य जी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि कैसे तंत्र साधना के माध्यम से व्यक्ति देवत्व प्राप्ति की यात्रा पथ पर अग्रसर होकर अपने व्यक्तिगत और सामाजिक आचरण को समग्र रूप से परिवर्तित कर सकता है। उन्होंने कहा कि तंत्र साधना के माध्यम से न केवल व्यक्तिगत जीवन में बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी सफलता और शांति की अनुभूति कराता है। कार्यक्रम में आनन्द मार्ग जूम जागृति के 150 साधक परिवारों नें हिस्सा लिया। उक्त जानकारी हेमेंद्र निगम ने दी।





