धर्म-अध्यात्म

महाशिवरात्रि: साधना, जागरण और यज्ञ से भक्तों को मिलेगा पुण्य लाभ

Share

 

गायत्री शक्तिपीठ व प्रज्ञापीठ में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन

देवास। गायत्री शक्तिपीठ साकेत नगर एवं गायत्री प्रज्ञापीठ विजय नगर पर महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा।

गायत्री शक्तिपीठ के मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि महाशिवरात्रि जागरण, साधना, भजन करने की रात्रि है। महाशिवरात्रि का जागरण अपने आप में बड़ा महत्वपूर्ण है। इस रात्रि में जागरण, व्रत एवं साधना करने से पाप का क्षरण होता है एवं पुण्य की प्राप्ति होती है तथा भक्ति व मुक्ति दोनों ही प्राप्त होती है। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व के अवसर पर 15 फरवरी को प्रात: 7 बजे से भगवान प्रज्ञेश्वर महादेव का रूद्राभिषेक किया जाएगा । प्रात: 8.30 बजे से श्री वेदमाता गायत्री, पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, माताजी भगवती देवी शर्मा एवं देवोव्हान के साथ पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ होगा। साथ ही दीक्षा, यज्ञोपवित, विद्यारंभ सहित विभिन्न संस्कार होंगे । सुबह 11 बजे गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहूति, आरती एवं प्रसाद का वितरण किया होगा।

इसी प्रकार गायत्री प्रज्ञापीठ विजय नगर पर भी प्रज्ञापीठ की संरक्षिका दुर्गा दीदी के सानिध्य में सुबह 8 बजे से अभिषेक, संगीतमय भजन-कीर्तन होंगे एवं प्रसाद का वितरण होगा। गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी महेश पंडया एवं गायत्री प्रज्ञापीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी राजेंद्र पोरवाल ने समस्त भावनाशील परिजनों से अनुरोध किया है कि इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।

Back to top button