Dewas news महाशिवरात्रि पर्व पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

देवास। महाशिवरात्रि पर मानस भवन शिव मंदिर बीएनपी गेट राधागंज रोड पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर महाशिवरात्रि पर्व बड़े उत्साह एवं श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।
मानस भवन शिव मंदिर समिति के न्यासी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि शिवजी का स्थान बहुत ऊंचा है और एक दृष्टि से सर्वोपरि है। एक शिवजी ही ऐसे देवता है जो संपत्ति और वैभव के बजाए त्याग और अकिंचनता को वरण करते हैं। उन्होंने अमृत को त्याग कर गरल को पिया, हाथी तथा घोड़े को छोड़कर बैेल की सवारी स्वीकार की और हीरा, मोती, रत्नों को त्याग कर सर्प और नरमुण्डों के आभूषण अपनाए। इस प्रकार महाशिवरात्रि का पर्व हमें लोभ, मोह, लालसा के स्थान पर त्याग, अपरिग्रह और परहित साधना की प्रेरणा व उपदेश देता है।
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व के अवसर पर 15 फरवरी को प्रात: 5 बजे से देवाधिदेव भगवान सिद्धेश्वर महादेव का पं. गजेन्द्र शास्त्री के आचार्यत्व में रूद्धाभिषेक किया जाएगा। सुबह 11 बजे से गायत्री शक्तिपीठ की देवकन्याओं द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। दोपहर 12 बजे महामंगल, महाआरती, महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से मानस भवन शिव मंदिर महिला मंडल एवं अन्य महिला मंडलों द्वारा भजन, कीर्तन, शाम 7.15 बजे विशेष आरती का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर शिवलिंग का बिल्वपत्र, आंकड़ा व पुष्प से विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा आकर्षण विद्युत सज्जा कर मंदिर को खूबसूरती से सजाया जाएगा।
प्रात: 10.30 बजे से साबूदाने की खिचड़ी का प्रसाद निरंतर वितरित किया जाएगा। इस आयोजन में समिति के दिलीप चव्हाण, दिनेश जोशी, मधुसूदन यादव, देवकरण कारपेंटर, योगेन्द्र भदानिया, राजेन्द्र पंडित, अशोक चौबे, मांगीलाल तिवारी, जगदीशचन्द्र माली, राकेश परते, सुरेशसिंह दरबार, यश राठौड़, नीलेश माहेकर, बुद्धाराम, डीपी शुक्ला, बजरंगलाल मीणा, राधेश्याम पाटीदार, रमेश पांचाल, मोहित पंड्या, मदनलाल जैन, वासुदेव लिखितकर, अंकुर जायसवाल, रमेशचन्द्र शर्मा आदि ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




