टोंकखुर्द में ‘शिव शक्ति हिंदू सम्मेलन’ में उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

टोंकखुर्द (नन्नू पटेल)। नगर में आयोजित ‘शिव शक्ति हिंदू सम्मेलन’ में धर्म और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में नगर के सर्व समाज के 5000 से अधिक हिंदू धर्मावलंबियों ने सहभागिता कर एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा।
प्रमुख संतों और वक्ताओं का मिला मार्गदर्शन-
सम्मेलन में आध्यात्मिक और सामाजिक क्षेत्र की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की। आनंदेश्वरी महादेव धाम (मानसा, सोनकच्छ) के महंत सुदर्शन दास त्यागी ने अपने उद्बोधन में सनातन धर्म की रक्षा और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, बालोन से पधारीं प्रख्यात श्रीमद्भागवत कथा वाचक देवी सुश्री भार्गवी नागर ने भक्ति और शक्ति के समन्वय पर जोर दिया।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मालवा प्रांत कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रांत सामाजिक सद्भाव सह-संयोजक जसविंदर सिंह ठकराल ने कहा कि समाज में ऊंच-नीच के भेदभाव को भुलाकर एकजुट होना समय की मांग है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक हिंदू की भूमिका को रेखांकित किया।
कविता और जोश का संगम-
हिंदू जागरण मंच (देवास) की सदस्य श्रीमती मिथिलेश सोनी ने भी समाज को जागरूक करने हेतु प्रभावी विचार रखे। कार्यक्रम में उत्साह का संचार तब हुआ जब उज्जैन से आए प्रसिद्ध कवि विवेक शर्मा ने अपनी ओजस्वी कविताओं के माध्यम से राष्ट्रवाद की अलख जगाई, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें नगर के हर वर्ग और समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे नगर में इस सम्मेलन को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के समापन पर ‘सहभोज’ का आयोजन किया गया। हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इस सहभोज ने ‘सामाजिक समरसता’ और ‘समरस हिंदू-समर्थ भारत’ के संकल्प को जीवंत कर दिया।




