राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिभा लगाए युवा- गायत्री परिवार

– जन्म शताब्दी वर्ष 2026 की शुरुआत 51 घरों में यज्ञ से
– ग्राम राजोदा में श्रद्धा और संकल्प से घर-घर में श्रद्धा संवर्धन यज्ञ हुए
देवास। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज के मार्गदर्शन में देशभर में गुरु माता भगवतीदेवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष को मनाने के लिए जोर-शोर से तैयारी चल रही है। इसी कड़ी में गायत्री परिवार की शाखा देवास द्वारा ग्राम राजोदा के 51 घरों में गृह-गृह गायत्री यज्ञ संपन्न किए गए, जिसका एक ही उद्देश्य था 51 घरों को देव परिवार बनाना।
गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि रविवार को ग्राम राजोदा में बड़ी श्रद्धा से 51 घरों को गायत्री यज्ञ के माध्यम से देव परिवार बनाया गया। आयोजन की शुरुआत देव संस्कृति विश्वविद्यालय की देव कन्या दिव्या तांबडे, हर्षिता चौहान एवं वर्षा कुमारी ने श्री वेदमाता गायत्री, गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्यजी एवं माता भगवतीदेवी शर्मा का पूजन-अर्चन व दीप प्रज्जवलित कर ग्राम में जन जागरण रैली से की।

नशा मुक्ति के नारे लगाए गए जो लोगों को प्रभावित कर रहे थे। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच बड़ी श्रद्धा से गायत्री साधकों और यज्ञमानों ने पूरे गांव में रैली निकालकर गायत्री यज्ञ का संदेश दिया। रैली में प्रज्ञा गीतों की प्रस्तुति गायत्री शक्तिपीठ की देव कन्याओं एवं गायत्री परिवार के डॉ. रूपसिंह नागर, दिनेश चौधरी ने दी।

गायत्री परिवार के जिला समन्वयक हरिराम जिराती एवं युवा प्रकोष्ठ जिला समन्वयक प्रमोद निहाले ने कहा कि वर्ष 2026 गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी है। इसके अंतर्गत देशभर में बड़ी तैयारी चल रही है। इसी के अन्तर्गत ग्राम राजोदा में 51 घरों में बड़ी श्रद्धा से पुनीत गृह-गृह गायत्री यज्ञ किए गए। गायत्री यज्ञ के माध्यम से यजमानों के जीवन में परिवर्तन कर उनके जीवन को नशा मुक्त, साधनामय, आडंबर मुक्त और गायत्रीमय बनाना है। युवाओं को जन्म शताब्दी वर्ष में राष्ट्र निर्माण हेतु अपनी योग्यता व क्षमता को लगाने की अपील की साथ ही नशा नहीं करने का संकल्प दिलाया।
आयोजन को सफल बनाने मे गायत्री परिवार के रमेशचन्द्र मोदी, ओपी श्रीवास्तव, प्रदीप दुबे, राधा राठौड़, विकास चौहान, हजारीलाल चौहान, सतीश शर्मा, दिलीप पाटीदार, मंजू पटेल, सरिता पाटीदार, श्रद्धा निहाले, राजेंद्र चौधरी, भागीरथ पटेल, भरत चौधरी सहित सैकड़ों परिजनों का सराहनीय योगदान रहा। वरिष्ठ परिजन राजेंद्र चौधरी ने आभार माना।




