देवास

कानून के साथ करुणा: बरोठा पुलिस ने निभाया सामाजिक दायित्व, ठंड से जूझते मासूमों को बांटे स्वेटर

Share

 

सिरोल्या (अमर चौधरी)। कड़ाके की ठंड में जब शुष्क मौसम के चलते तापमान लगातार गिरता जा रहा है, तब ग्रामीण अंचलों में जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए ठंड किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

ऐसे समय में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए थाना बरोठा टीआई सवितासिंह जाटव एवं थाना स्टाफ ने सराहनीय सेवा कार्य किया।

गांव शुक्रवासा में ठंड से ठिठुर रहे बच्चों की पीड़ा को महसूस करते हुए पुलिस टीम ने उन्हें स्वेटर वितरित किए, जिससे बच्चों के चेहरे पर राहत और मुस्कान लौट आई। ठंड से कांपते हाथों में जब गर्म स्वेटर पहुंचे, तो बच्चों की आंखों में खुशी साफ झलकने लगी। कई बच्चों के लिए यह सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि सर्द रातों में मिलने वाला सुकून और सुरक्षा का एहसास था।

इस अवसर पर टीआई सवितासिंह जाटव ने कहा कि तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों को समझाइश देते हुए कहा कि अत्यधिक ठंड के दौरान बच्चों को घर के भीतर ही रखें, गर्म कपड़े पहनाएं और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान दें।

पुलिस की यह पहल केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित न रहकर समाज के प्रति उनके मानवीय दायित्व को भी दर्शाती है। जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर सहायता करना पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अपनत्व को मजबूत करता है। ग्रामीणों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

ठंड के इस कठिन समय में थाना बरोठा पुलिस का यह प्रयास निसंदेह प्रेरणादायक है, जो यह संदेश देता है कि संवेदना और सेवा से ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है।

Back to top button