राजनीति

पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया

Share

 

नदी को नदी से जोड़ने का काम किया था पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयीजी ने- डॉ. सोनकर

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। नगर भाजपा द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में मनाया गया। बाबा भंवरनाथ मंडल के अंतर्गत भाजपाइयों ने जनसंघी एवं मीसाबंदी रहे परिवार एवं मंडल मीडिया प्रभारी प्रेमचंद अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश सोनकर की गरिमामयी उपस्थिति में जन्मशताब्दी वर्ष मनाया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल चावड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष संजय जोशी, उपाध्यक्ष जयसिंह राणा सहित अन्य उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम स्व. वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए एवं आतिशबाजी की गई। इसके पश्चात विधिवत विधायक डॉ. सोनकर का स्वागत किया गया तथा उपस्थित भाजपा के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया।

इसके बाद डॉ. सोनकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय स्व. श्री वाजपेयी जी ने अपना संपूर्ण जीवन देश के प्रति समर्पित किया। अपने राजनीतिक जीवन में चाहे सत्ता पक्ष में रहे हों या विपक्ष में, उन्होंने सदैव देश के विकास, प्रगति और जनकल्याण के लिए कार्य किया। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान, आतंकवाद, बिजली और पानी जैसे विषयों पर दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया।
उन्होंने नदी से नदी जोड़ने की योजना प्रारंभ की, जिससे देश के किसानों को सिंचाई एवं उत्पादन में लाभ मिला। उनका राष्ट्रप्रेम सदैव प्रेरणादायी रहा। ऐसे महान व्यक्तित्व एवं भाजपा परिवार के पितृ पुरुष का जन्मदिन आज पूरे देश में जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर भौरासा में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत भाषण भाजपा नेता प्रदीप मंत्री द्वारा किया गया। वहीं भाजपा मीडिया प्रभारी प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर में पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब भवन की मांग रखी, जिस पर विधायक डॉ. सोनकर ने शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन दिया।
साथ ही भाजपाइयों ने नगर के टंकी चौराहा स्थित निर्माणाधीन टंकी के समीप शेष भूमि पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री वाजपेयी एवं नगर भाजपा के पितृ पुरुष स्व. जेठमल पालीवाल की मूर्ति स्थापना एवं गार्डन निर्माण की मांग रखी, जिसे विधायक डॉ. सोनकर ने सहज स्वीकार करते हुए शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया। इस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवनारायण हेडा, हीरालाल चावड़ा, बाबूलाल डोडिया, मांगीलाल पटेल, नगर वसूली पटेल, जसवंतसिंह राजपूत, मनोहर यादव, प्रमोद पालीवाल, कल्लू ठाकुर, हिम्मतसिंह ठाकुर, बद्रीलाल लोधी, सरदार खान, दशरथ धाकड़, अर्जुन सेंधव, ओमप्रकाश जायसवाल, पार्षद छोटेलाल लोधी, सचिन यादव, विनोद डोडिया, सुरेश मालवीय, अजय यादव, धर्मेंद्र राठौर, राजेश लोधी, छोटू माली, जुगल माली, गौरव माली, रजत माली सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल चावड़ा ने आभार व्यक्त किया।

Back to top button