Mp में ठगी के दो बड़े खुलासे: ‘नोटों की बारिश’ का झांसा और ATM कार्ड बदलकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह गिरफ्तार

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने मंदसौर और राजगढ़ जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंधविश्वास फैलाकर ठगी करने वाले नकली तांत्रिकों और एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। मंदसौर में ‘धन दोगुना’ और ‘नोटों की बारिश’ के नाम पर लोगों को डराकर लाखों रुपए ऐंठे गए, जबकि राजगढ़ में भोले-भाले लोगों को मदद का झांसा देकर ATM फ्रॉड किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों से नगदी, वाहन और लाखों रुपए की संपत्ति जब्त की है।
मंदसौर- अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा-
जिले में पुलिस को ऐसी संगठित धोखाधड़ी का खुलासा करने में सफलता मिली, जिसमें आरोपी आमजन को “नोटों की बारिश” एवं “धन दोगुना” करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करते थे। आरोपी स्वयं को तथाकथित गुरु एवं तांत्रिक बताकर पूजा-पाठ, चमत्कार एवं भय का वातावरण निर्मित करते थे। गिरोह द्वारा सुनियोजित तरीके से एक व्यक्ति की मृत्यु का नाटक कर पीड़ित को डराया गया तथा अलग-अलग बहानों से 5 लाख रुपए से अधिक वसूले गए। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 40 हजार रुपए नगद, एक कार एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
राजगढ़- एटीएम बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश-
जिले में विभिन्न थाना क्षेत्रों में एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी बैंक एटीएम में भोले-भाले लोगों को सहायता का झांसा देकर बातचीत में उलझाते थे तथा उनका एटीएम कार्ड बदलकर खातों से अवैध रूप से राशि निकाल लेते थे। पुलिस द्वारा लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी डेटा एवं अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों से नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 8 लाख 11 हजार रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
संबंधित खबरें-
क्रिप्टो में निवेश, ATM बदलकर ठगी, खेत में ‘गड़ा सोना’ और फर्जी सब्सिडी!
मध्यप्रदेश पुलिस की चोर और ठग गिरोहों पर बड़ी कार्रवाई
मंडला पुलिस ने किया 16 राज्यों में साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश




