ऑपरेशन हवालात: धोखाधड़ी संबंधी प्रकरण में 23 वर्षों से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार

देवास। थाना विजयागंज मण्डी के द्वारा धोखाधड़ी संबंधी प्रकरण में 23 वर्षों से फरार स्थाई वारंटी लक्ष्मण पिता मांगीलाल निवासी ग्राम हीरापुर को 550 किमी दूर सूरत गुजरात से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
जिला पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के द्वारा 1 नवम्बर 2024 से सम्पूर्ण जिले में ऑपरेशन हवालात की शुरूआत की गई है। इसके अंतर्गत लंबे समय से फरार इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी को भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी अनुक्रम में थाना विजयागंज मण्डी के द्वारा संबंधी प्रकरण में लक्ष्मण निवासी ग्राम हीरापुर हाल मुकाम सूरत गुजरात लगभग 23 वर्षों से पुलिस गिरफ्त से दूर चल रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी विजयागंज मण्डी अनिता सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन हवालात के तहत विशेष टीम गठित की थी, जो कि मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयत्नशील थी।
31 मार्च को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली फरार स्थाई वारंटी आरोपी को सूरत गुजरात में देखा गया है, जिस पर तत्काल पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की धरपकड़ हेतु टीम को रवाना किया। उक्त टीम ने सफलतापूर्वक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

उल्लेखनीय है कि देवास पुलिस द्वारा “ऑपरेशन हवालात” के तहत 1 नवम्बर से आज तक 322 फरार/स्थाई/गिरफ्तारी वारंटी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर कुल 64,000 रुपए का ईनाम उद्घोषित था।




