खेत-खलियान

सिरोल्या क्षेत्र में किसानों ने शुरू की खेतों से आलू की खुदाई, कम दाम से निराशा

Share

 

सिरोल्या (अमर चौधरी)। क्षेत्र के किसानों ने आलू की फसल की खुदाई शुरू कर दी है। खुदाई में आलू की गुणवत्ता अच्छी निकलने से किसानों में उत्साह तो जरूर है, लेकिन मंडी में भाव कम होने से निराशा है। प्रति बीघा उत्पादन 30 से 40 क्विंटल हो रहा है। वहीं लागत 30 हजार से 40 हजार प्रति बीघे की होने से किसानों को चिंता सता रही है कि अगर दाम ऐसे ही रहे तो आलू की फसल को निकालने व बीज आदि की भरपाई भी नहीं हो पाएगी।

इस समय मंडियों में आलू मात्र 13 से 15 रुपए प्रतिकिलो बिक रहा है जो काफी कम है। किसानों का कहना है कि बीज दो से तीन हजार रुपए प्रति (50 किग्रा) बैग खरीदा था। ऐसे में भाव इसी तरह रहे तो लागत निकालने में भी कठिनाई आएगी। सिरोल्या के साथ ही सुतारखेड़ा, भीलाखेड़ा, हापाखेड़ा एवं नापाखेड़ी क्षेत्र में फिलहाल आलू खुदाई चल रही है।

यहां के किसान बंशीलाल चौधरी, सोहन पटेल, धीरज पटेल, योगेश, लीलाधर पटेल, डॉं. रूपसिंह नागर, वकील पटेल, रामचरण मंडलोई, लखन आदि ने बताया कि आलू की खुदाई शुरू होने के बाद से लगातार दामों में गिरावट आ रही है। पिछले सप्ताह तक आलू ठीक दामों में बिक रहा था लेकिन अब दाम कम होने से किसानों की फसल पर संकट खड़ा हो गया है।

Back to top button