धर्म-अध्यात्म

भौंरासा के प्राचीन बाबा भंवरनाथ मंदिर में लॉटरी से तय होता है रुद्राभिषेक करने वाला भक्त

Share

सावन माह में अनूठी परंपरा, यहां नहीं चलती है किसी की सिफारिश

भौरासा (मनोज शुक्ला)। श्रावण मास की पवित्रता और शिव आराधना का उल्लास नगर के प्राचीन बाबा भंवरनाथ मंदिर में देखते ही बनता है। यहां रुद्राभिषेक करने का सौभाग्य किसी सिफारिश या पहले आओ-पहले पाओ की प्रक्रिया से नहीं, बल्कि स्वयं भगवान की मर्ज़ी से तय होता है। मंदिर समिति द्वारा ‘लॉटरी पद्धति’ से यह तय किया जाता है कि किस दिन किस भक्त को शिव अभिषेक करने का अवसर मिलेगा।

पहले होती है मीटिंग, फिर निकलती है ‘अभिषेक की पर्ची’-
सावन शुरू होने से पहले बाबा भंवरनाथ मंदिर समिति एक विशेष बैठक आयोजित करती है, जिसमें सावन के सभी दिनों की तैयारी की जाती है। बैठक में सभी श्रद्धालुओं के नाम की पर्चियां तैयार की जाती हैं। इसके बाद पूजा-अर्चना कर बाबा भंवरनाथ और भगवान मनकामेश्वर का नाम लेकर पर्चियों की लॉटरी निकाली जाती है।

हर पर्ची एक तारीख के लिए होती है और जैसे ही किसी भक्त का नाम पर्ची में आता है, तुरंत उसे रजिस्टर में दर्ज कर लिया जाता है। समिति का मानना है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से “स्वयं भगवान यह तय करते हैं कि किसे किस दिन रुद्राभिषेक का सौभाग्य प्राप्त होगा।”

रोज सुबह 8 बजे होता है रुद्राभिषेक-
सावन माह भर प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रुद्राभिषेक का आयोजन होता है। नगर पुरोहित पं. मनोज जोशी विधिवत वेद मंत्रों के साथ अभिषेक संपन्न कराते हैं। पूरे माह भक्ति, अनुशासन और परंपरा के साथ यह अनुष्ठान चलता है।

श्रावण के अंतिम दिन सामूहिक यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ मासिक अनुष्ठान का समापन होता है, जिसके बाद भक्तों को प्रसादी का वितरण किया जाता है।

नगर के अन्य शिवालयों में भी उमड़ी भीड़-
नगर के अन्य प्राचीन शिव मंदिरों गोपेश्वर महादेव, वैष्णेश्वर महादेव, ऋणमुक्तेश्वर महादेव, नीलकंठेश्वर महादेव में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। हर मंदिर में शिवभक्तों द्वारा जलाभिषेक, बेलपत्र अर्पण और रुद्राष्टक पाठ किया जा रहा है। विशेषकर सोमवार को मंदिरों में विशेष व्यवस्था करनी पड़ रही है।

‘लॉटरी’ बनी चर्चा का विषय
यह अनोखी परंपरा भक्तों में गहरी आस्था जगाने वाली बन गई है। श्रद्धालु इसे भगवान की सीधी स्वीकृति मानते हैं। समिति के अनुसार लॉटरी से चयनित भक्तों की सूची मंदिर परिसर में चस्पा कर दी गई है, जिससे सभी को अपने दिन की जानकारी समय से हो सके।

Related Articles

Back to top button