क्राइम

लिफ्ट लेकर ट्रक उड़ाने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा

Share

 

– शातिर चोर की चालाकी नाकाम

देवास। पुलिस की मुस्तैदी ने एक शातिर चोर की योजना पर पानी फेर दिया, जो लिफ्ट लेकर ट्रक में बैठा और मौका मिलते ही उसे चुरा ले गया। हालांकि, पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया गया और चोरी किया गया ट्रक बरामद कर लिया गया।

घटना 20 मार्च की है, जब फरियादी राजेश पिता मानसिंह दरबार, निवासी अमोना, अपने ट्रक (क्रमांक MP-09-HG-4175) से इंदौर मंडी में गेहूं खाली करके देवास की ओर लौट रहे थे। रास्ते में एक युवक ने लिफ्ट मांगी और ट्रक में सवार हो गया। जब ट्रक चालक राजेश शिप्रा के पास स्थित उत्तम ढाबे पर खाना खाने रुके, तो इसी दौरान शातिर चोर ने मौका पाकर ट्रक स्टार्ट किया और फरार हो गया।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस-
21 मार्च को रात 2:30 बजे फरियादी ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के निर्देश पर उपनिरीक्षक सर्जन सिंह मीणा अपनी टीम के साथ ट्रक की तलाश में जुट गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों से जानकारी जुटाई और लगातार जांच करते हुए ग्राम मुड़का तक पहुंचे, जहां फरियादी का ट्रक बरामद कर लिया गया।

मुनाफा कमाने का था इरादा-
मौके से आरोपी रोहित पिता लक्ष्मणसिंह सोलंकी (उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम मुड़का, थाना बीएनपी देवास) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने ट्रक के टायर और अन्य पार्ट्स बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बनाई थी।

आरोपी के खिलाफ थाना बीएनपी देवास में पहले से मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ट्रक मालिक को राहत मिली, जबकि शातिर चोर जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया।

 

Back to top button