रीलबाज नहीं, रियल हूं – मैं काम करता हूं तो दिखाता हूं

चैंबर में उतरकर अनोखा विरोध प्रदर्शन करने वाले पार्षद प्रतिनिधि रूपेश वर्मा ने कहा
देवास। वार्ड 22 के पार्षद प्रतिनिधि रूपेश वर्मा अलग तरह के विरोध प्रदर्शन के कारण चर्चा में बने रहते हैं और उस विरोध की रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करते हैं। आज भी उन्होंने आनंद ऋषि नगर के चैंबर में उतरकर विरोध जताया। जब उनसे इस पर सवाल किया गया, तो उनका जवाब कुछ इस तरह सामने आया।
जब रूपेश वर्मा से पूछा गया कि क्या वे इस तरह के प्रदर्शन सिर्फ रील बनाने के लिए करते हैं, तो उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा—
“हां, मुझ पर ये आरोप लगते हैं। मेरी बात सुनो! जो काम करता है, उसको तो दिखाना पड़ता है। मैं काम करता हूं तो मेरे काम करने से सौ लोग काम करते हैं। मैं काम करके दिखाता हूं। मेरे रील बनाने से कहीं न कहीं निगम कर्मचारियों व अधिकारियों तक बातें पहुंचती है तो ये शर्मशार होते हैं और फिर दौड़कर काम करवाते हैं और मैं रियल हूं रिलबाज नहीं। रील तो मैंने अब बनाना शुरू की है लेकिन काम तो वर्षों से कर रहा हूं। जनता ने दो बार से निर्दलीय पार्षद बनाया है तो रील बनाकर नहीं बना हूं, रियल लाइफ में ही जनता वोट देती है।
पार्षद प्रतिनिधि रूपेश वर्मा ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल औपचारिक कार्रवाई ही की। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। वर्मा के अनुसार, जब उन्होंने कमिश्नर से समस्या के समाधान को लेकर बात की, तो उन्हें जवाब मिला—“क्या मैं खुद चैंबर में उतरूं?” इसी बात से आक्रोशित होकर उन्होंने खुद चैंबर में उतरकर विरोध दर्ज कराया।
आनंद ऋषि नगर में पिछले डेढ़ माह से सीवरेज लाइन चोक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। हालात ऐसे हैं कि नलों में भी दूषित पानी आ रहा है।स्थानीय निवासी संजय शर्मा के अनुसार, सीवरेज का गंदा पानी पाइपलाइन में मिल रहा है, जिससे घरों में गंदा पानी आ रहा है। वहीं जितेंद्र राजपूत ने बताया कि दो महीनों से लोग परेशान हैं और शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है। मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी की है।
इस अनोखे विरोध के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है।




