दर्दनाक हादसा: कुएं में डूबने से दो किशोरों की मौत, क्रिकेट खेलते समय गेंद निकालने के दौरान हुआ हादसा

बरोठा (अमर चौधरी)। जिले के हाटपीपल्या क्षेत्र में रविवार शाम एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। क्रिकेट खेलते समय गेंद निकालने के प्रयास में कुएं में उतरे दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देवास जिले के नेवरी फाटा गांव में रविवार शाम उस वक्त दर्दनाक हादसा कुछ किशोर खेत में बने अस्थायी मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान अचानक गेंद पास ही स्थित एक गहरे कुएं में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि गेंद निकालने के प्रयास में एक किशोर फिसलन के कारण गहरे पानी में डूबने लगा। अपने साथी को बचाने के लिए दूसरा किशोर भी तुरंत कुएं में कूद गया, लेकिन वह भी खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए।
घटना को देखकर मौके पर मौजूद अन्य बच्चों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रयास कर दोनों किशोरों को कुएं से बाहर निकाला और उन्हें गंभीर हालत में हाटपीपल्या के अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय देवेंद्र पिता मुकेश गोस्वामी और 16 वर्षीय राजवीर पिता विनोद नायक, निवासी नेवरी फाटा के रूप में हुई है।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजवीर की मां को अपने बेटे की मौत पर विश्वास नहीं हुआ और वह बेसुध हो गईं। परिजन बेटे के जीवित होने की उम्मीद में उसका शव नेवरी स्थित माता मंदिर ले गए और वहां प्रार्थना की। काफी समझाइश के बाद पुजारी और पुलिस के हस्तक्षेप से शव को वापस हाटपीपल्या लाया गया।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में खुले कुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कुआं भी खुला हुआ था और इसमें मुडेर भी नहीं थी।




