ऑपरेशन प्रहार में देवास पुलिस का बड़ा एक्शन: 41 पेटी अवैध शराब व दो वाहन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टोंकखुर्द पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 पेटी (369 लीटर) शराब और करीब 15.43 लाख रुपये का माल जब्त किया है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिलेभर में संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टोंकखुर्द पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने टोंककला स्थित कलाली के पास कच्चे रास्ते पर दबिश दी, जहां दो चारपहिया वाहनों में अवैध शराब भरी हुई थी। मौके पर एक व्यक्ति महिन्द्रा वाहन से इनोवा कार में शराब की पेटियां स्थानांतरित करता मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय धाकड़ बताया। वहीं, महिन्द्रा वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर इनोवा कार से 9 पेटी और महिन्द्रा वाहन से 32 पेटी देशी प्लेन शराब, कुल 2050 क्वार्टर (लगभग 369 लीटर) बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,43,500 रुपए है। साथ ही दोनों वाहन भी जब्त किए गए। कुल जब्त माल की कीमत करीब 15,43,500 रुपए आंकी गई है।
आरोपी के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 150/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय कार्य:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी टोंकखुर्द परिवीक्षाधीन भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी आलोक कुमार वर्मा, उप निरीक्षक अरुण पिपलदे, प्रधान आरक्षक अनिल वर्मा, आरक्षक विशाल हाड़ा, आरक्षक जितेन्द्र सिंह एवं वाहन चालक आरक्षक दुबे कुमार देथलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
https://newsoneclick.com/?p=44950 मंदिर के पास खेल रहे थे जुआ, पुलिस ने मारा छापा, ‘ऑपरेशन प्रहार’ में 5 जुआरी गिरफ्तार, नकदी जब्त 👈 ये भी पढ़े




