क्राइम

सिंगरौली बैंक लूट के बाद बैंक सुरक्षा पर अलर्ट मोड में देवास पुलिस

Share

 

सुरक्षा समीक्षा बैठक में पुलिस ने बैंकों को दिए कड़े सुरक्षा निर्देश

देवास। सिंगरौली में हुई बैंक लूट की घटना के बाद देवास पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। इसी के मद्देनज़र पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बैंक सुरक्षा को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल तथा उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) बबिता बामनिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को सतर्कता बरतने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि बैंक परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। साथ ही, बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में तत्काल साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।

इसके अलावा, सभी बैंकों को इमरजेंसी अलार्म सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने यह भी कहा कि बैंक परिसरों में डायल-112 का फ्लेक्स या बैनर अनिवार्य रूप से लगाया जाए, जिससे आपात स्थिति में तुरंत मदद ली जा सके।

बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय रखने और पुलिस-बैंक समन्वय को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Back to top button