देवास में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर भाजपा की प्रेस वार्ता, विपक्ष पर किया तीखा प्रहार

देवास। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ संशोधन प्रस्ताव के संसद में पारित नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला कार्यालय देवास में मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में सांसद एवं प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव एवं विधायक गायत्री राजे पवार ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया।
सांसद श्रीमती वानखेड़े ने कहा कि यह विधेयक देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि संसद में जो हुआ, वह केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि “महिला विरोधी गठबंधन” ने इस ऐतिहासिक अवसर को बाधित कर अपनी वास्तविक मानसिकता उजागर कर दी है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने का जो संकल्प लिया है, वह किसी भी स्थिति में कमजोर नहीं पड़ेगा। वानखेड़े ने यह भी जोड़ा कि उज्ज्वला योजना, जन-धन खाते, मातृत्व सुरक्षा योजनाएं और तीन तलाक जैसे फैसलों ने महिलाओं के जीवन में वास्तविक बदलाव लाया है, जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी तक सीमित रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव ने कहा, कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों का इतिहास महिलाओं के अधिकारों के विरोध से भरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह रवैया दर्शाता है कि उनके लिए महिला सशक्तिकरण केवल एक चुनावी मुद्दा है, न कि वास्तविक प्रतिबद्धता। डॉ. सेंधव ने कहा कि संसद में विधेयक को रोकना लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को बाधित करने जैसा है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को ‘शक्ति’ मानकर नीतियां बनाई हैं और उन्हें समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश की महिलाएं इस घटनाक्रम को देख रही हैं और समय आने पर इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मुद्दा अब जन-आंदोलन का रूप लेगा। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं इस घटनाक्रम को समझ रही हैं और भविष्य में इसका असर चुनावों में भी दिखाई देगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ललिता पुर्वया, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी, विजयसिंह पवार, जिला उपाध्यक्ष महेश चौहान, मनोरमा सोलंकी, मोनिका शर्मा उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार एवं सह मीडिया प्रभारी प्रतीक सोलंकी ने किया।




