लोक अदालत के प्रचार के लिए निकाली वाहन रैली

भौंरासा/टोंकखुर्द। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन, प्रचार प्रसार एवं अधिकतम वादों के निस्तारण व बैंकों की ऋण वसूली व नगर परिषद के करों की वसूली को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवास अजय प्रकाश मिश्र के मार्गदर्शन में सोमवार को टोंकखुर्द में वाहन रैली का आयोजन किया गया।
न्यायाधीश/अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति टोंकखुर्द आयुषी गुप्ता उपाध्याय ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारीगण, विभिन्न बैंकों के अधिकारी व नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित थे।
न्यायाधीश आयुषी गुप्ता उपाध्याय ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य लोगों को लोक अदालत के बारे में जागरूक करना और उसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। रैली में विभिन्न प्रकार के वाहन शामिल थे। रैली के दौरान, लोगों को लोक अदालत के महत्व और उसमें भाग लेने के फायदे बताए गए।
लोगों को बताया गया कि लोक अदालत में बिना किसी शुल्क के मामलों का निपटारा किया जाता है और यह सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित न्याय प्राप्त करने का एक अच्छा तरीका है।




