कांगरिया महादेव की गादी पर चैत्र नवरात्रि के अवसर पर हुआ भंडारा

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। कांगरिया महादेव पर्वत, जो आसपास के लगभग 60 गांवों सहित बागली जागीरी के लोगों की आस्था का केंद्र है।
यहां पर चैत्र नवरात्रि के अवसर पर पारंपरिक रूप से नौ दिवसीय यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। यह आयोजन चैनपुरा के समीप स्थित वर्षों पुराने पीपल और इमली के वृक्षों के नीचे स्थित कांगरिया देव की गादी पर सम्पन्न हुआ।
हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धालुओं ने पूरे नौ दिनों तक विधिपूर्वक पूजन, अर्चन, यज्ञ एवं हवन किया। चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि को भव्य वसुंधरा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के 60 से अधिक छोटे-बड़े गांवों के हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करने पहुंचे।
भंडारा देर रात तक चलता रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से भोजन प्रसादी का लाभ लिया। यज्ञ समापन के साथ क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव की अद्भुत छटा देखने को मिली।




