वीरों की शहादत को नमन, जगाएं देशभक्ति का जज्बा-सैंधव

देवास। गजरा गियर स्थित भगत सिंह उद्यान में शहीद दिवस पर महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु की प्रतिमाओं पर भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सैंधव व भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सैंधव ने कहा, कि 23 मार्च को शहीद दिवस है, क्योंकि आज से 94 साल पहले इसी दिन भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी दी गई थी। देश के लिए इन तीनों वीर सपूतों ने हंसते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी थी। जिंदा रहने की हसरत मेरी भी है…पर मैं कैद रहकर अपना जीवन नहीं बिताना चाहता। ये विचार क्रांतिकारी भगत सिंह के थे।
यह दिन उन वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
यह दिन विशेष रूप से भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की याद में मनाया जाता है, जिन्हें 1931 में ब्रिटिश हुकूमत ने फांसी दे दी थी। वे भारत को आजाद कराने के लिए आखिरी दम तक लड़े और अपने बलिदान से देश के युवाओं को प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से क्षेत्रीय पार्षद शीतल गहलोद, देविप्रा के पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव, पंकज वर्मा, अजबसिंह ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।




