• Wed. Aug 20th, 2025

    आरोग्यता व सुख-समृद्धि की कामना के साथ किया मां शीतला का पूजन

    ByNews Desk

    Mar 21, 2025
    Bagli news
    Share

    – ठंडे पकवानों का लगाया भोग

    बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। आरोग्य एवं सुख-समृद्धि की कामना के साथ शुक्रवार को शीतला सप्तमी का पर्व मनाया गया। माता मंदिरों में पूजन-अर्चन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।

    महिलाओं ने एक दिन पूर्व बनाए पकवानों का भोग शीतला माता को लगाया और सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता की कामना की। महिलाओं ने शीतला माता का पूजन-अर्चन कर कथा श्रवण की।

    बेहरी में रात 3 बजे से ही शीतला माता के स्थान पर महिलाओं का पूजन के लिए तांता लगा रहा। महिलाओं ने ठंडे पकवानों का शीतला माता को भोग लगाया। माता की कथा सुनी और भजन गाए।
    गांव की वरिष्ठ महिलाओं ने कहा, कि माता शीतला को सभी मनोकामनाओं की पूर्ति करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। माता शीतला को ठंडे भोजन का भोग लगाया गया। मां शीतला को शीतलता प्रदान करने वाली देवी कहा गया है। उपासना से आरोग्यता का वरदान प्राप्त होता है।

    पं. सुरेशचंद उपाध्याय ने बताया, कि शादी संस्कार के पहले माता की पूजा की जाती है। माता की आराधना करने वाले भक्त के कुल में भी यदि कोई रोगों से पीड़ित हो तो रोग-दोष दूर हो जाते है।