– समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली मातृशक्ति का किया सम्मान
बागली (हीरालाल गोस्वामी)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संस्था क्षितिज, इंदौर द्वारा मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन बागली थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में बड़े ही गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवागत थाना प्रभारी डॉ. मनीषा दांगी एवं एसडीओपी बागली सृष्टि भार्गव थीं। साथ ही विशेष अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा कमल यादव, जनपद पंचायत बागली के महिला बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष संगीता दुग्गड़, ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच श्यामलता उपाध्याय, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एल. जाट, वरिष्ठ अधिवक्ता ठाकुर ओम दांगी, डॉ. जगदीश यादव, शांति समिति बागली के अध्यक्ष कमल यादव सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि नवागत थाना प्रभारी डॉ. मनीषा दांगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि, महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं। समाज के हर तबके में महिलाएं अपनी मेहनत और काबिलियत से आगे बढ़ रही हैं। मातृशक्ति का सम्मान करना वास्तव में समाज के प्रति एक सकारात्मक संदेश देने जैसा है। उन्होंने संस्था क्षितिज द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि, महिलाओं को सम्मानित करना और उन्हें प्रोत्साहित करना हमारे समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।
एसडीओपी बागली सृष्टि भार्गव ने कहा कि, महिला दिवस पर सम्मानित होने वाली सभी मातृशक्ति समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाज में महिलाओं की भूमिका हमेशा से ही महत्वपूर्ण रही है और आगे भी वे समाज को सशक्त करने में अहम भूमिका निभाती रहेंगी।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण चौधरी ने संस्था क्षितिज के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि, संस्था क्षितिज बीते 7-8 वर्षों से समाज के जरूरतमंद और निर्धन वर्ग के लिए निःशुल्क विधिक सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। कोरोना काल के दौरान संस्था ने हजारों जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई और आज भी निरंतर समाजसेवा के कार्य कर रही है।
वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एल. जाट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, महिलाओं के बिना समाज अधूरा है। जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वह समाज हमेशा प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।” वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता ठाकुर ओम दांगी ने कहा कि, महिलाओं को केवल एक दिन नहीं, बल्कि हर दिन सम्मान देने की आवश्यकता है। महिला सशक्तिकरण से ही समाज सशक्त बनेगा।”
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। जनपद पंचायत बागली की महिला बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष संगीता दुग्गड़, ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच श्यामलता उपाध्याय, तथा समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय कई मातृशक्ति को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था क्षितिज के अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चंद्रकांत उपाध्याय द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों और मातृशक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि, संस्था क्षितिज का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक न्याय और सहायता पहुंचाना है। हम सदैव समाज के लिए तत्पर रहते हैं और भविष्य में भी इसी तरह सेवा कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन संस्था क्षितिज के सचिव एस.पी. गौड ने किया। उन्होंने कहा कि, यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमें समाजसेवी मातृशक्ति का सम्मान करने का अवसर मिला। हम भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में डॉ. जगदीश यादव, राजेश दुग्गड़, कमल यादव, अधिवक्ता बबन पटेल, अधिवक्ता एस.पी. गौड, विजेंद्र सिंह सेंधव, धर्मेंद्र राणा, जितेंद्र गोस्वामी, केदार पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।