ई-अटेंडेंस के विरोध में राज्य शिक्षक संघ व संयुक्त मोर्चा का प्रदर्शन

विरोधस्वरूप सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी
देवास। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसके विरोध में प्रदेशभर में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में राज्य शिक्षक संघ एवं संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर देवास जिले में भी व्यापक विरोध दर्ज कराया गया।
हिमरतसिंह तोमर एवं दिनेश चौधरी के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिले के विभिन्न शासकीय स्कूलों से एकत्र होकर विरोध रैली निकाली और जिलाधीश के प्रतिनिधि अभिषेक शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
सम्मान और समानता की बात-
संयुक्त मोर्चा के पुरुषोत्तम सिसोदिया और अरुण मिश्रा ने कहा कि ई-अटेंडेंस प्रणाली शिक्षकों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली एकतरफा नीति है। यदि सरकार इसे लागू करना ही चाहती है, तो प्रदेश के 52 विभागों पर समान रूप से इस व्यवस्था को लागू किया जाए। सिर्फ शिक्षकों को ही इसका निशाना बनाना अन्यायपूर्ण है।
नीति में पक्षपात, कर्मचारियों में रोष-
वरिष्ठ शिक्षकों हजारीलाल चौहान एवं साबिर शेख ने भी दो टूक कहा कि एकतरफा निगरानी और जवाबदेही केवल शिक्षकों पर थोपना न तो व्यावहारिक है और न ही सम्मानजनक। यदि सरकार सभी विभागों पर ई-अटेंडेंस को लागू करती है, तो शिक्षक वर्ग भी इसमें सहयोग देने को तैयार है।
वरिष्ठता व संविलियन की मांग-
दशरथ सिंह सेंधव और जितेंद्र मालवीय ने ज्ञापन में मांग की कि प्रथम नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता की बहाली की जाए और नियुक्ति के स्थान पर ‘संविलियन’ शब्द का उल्लेख गजट में किया जाए। जब तक यह मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक ई-अटेंडेंस का विरोध जारी रहेगा।
आंदोलन की चेतावनी-
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस पर विचार नहीं किया, तो आगामी समय में आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है। यह सिर्फ एक ज्ञापन नहीं, आत्मसम्मान और अधिकारों की आवाज है।
ज्ञापन का वाचन ज्योति वाडेकर ने किया। आभार धर्मवीर नरवरिया ने माना। इस अवसर पर अजयसिंह गौड़, राजेन्द्र चौहान, बिसनसिंह तोमर, अजय मिश्रा, सुनील कुमावत, किशोर वर्मा, मुकुट वर्मा, सरदारसिंह मालवीय, दिनेश व्यास, रघुनन्दन जलोदिया, आदेश निगम, नीला रायकवार, प्रेमलता परमार, सुनीता राणा, राजेन्द्रसिंह झोरड़, किरण राजपूत, दिनेश गोस्वामी, महिपालसिंह राव, अर्जुनसिंह गोहिल, महेंद्रसिंह भाटी, मनोहरसिंह झोरड़, दिनेश परमार, करण चौधरी, संजय उपाध्याय उपस्थित थे।




