गुरुपूर्णिमा पर श्री दत्त पादुका मंदिर बांगर में होगा भव्य आयोजन

गुरुचरित्र पाठ, रुद्राभिषेक और गुरु दीक्षा कार्यक्रम में जुटेंगे श्रद्धालु
देवास। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गुरुपूर्णिमा उत्सव पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ 10 जुलाई को श्री दत्त पादुका मंदिर श्री क्षेत्र बांगर में भव्य रूप से मनाया जाएगा। मंदिर परिसर में गुरुपूर्णिमा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के सभी कार्यक्रम धार्मिक गरिमा और परंपरा के अनुरूप संपन्न होंगे।
सुबह गुरुचरित्र पाठ से कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके बाद गुरु पादुका का रुद्राभिषेक 11 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा विधिपूर्वक किया जाएगा। तत्पश्चात महाआरती का आयोजन होगा।
पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए साबूदाना खिचड़ी और खोपरा पाक का प्रसादी वितरण किया जाएगा। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
मंदिर व्यवस्थापक एवं पुजारी पं. दत्तप्रसाद कुलकर्णी ने बताया कि इस अवसर पर श्री दत्त मंदिर पीठाधीश्वर श्रीपाद अवधूत स्वामी की पावन उपस्थिति में गुरु दीक्षा समारोह आयोजित किया जाएगा। यह विशेष आयोजन प्रातः 9:00 बजे से 12:00 बजे तक मंदिर परिसर में संपन्न होगा।
गुरु दीक्षा लेने वाले साधकों से अनुरोध किया गया है कि वे समय पर मंदिर पहुंचकर पवित्र गुरु दीक्षा प्राप्त करें।आयोजन के दौरान संपूर्ण वातावरण भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहेगा।
श्री दत्त पादुका मंदिर समिति ने समस्त श्रद्धालुजनों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर का लाभ लें और गुरुकृपा प्राप्त करें।




