क्राइम

सुनसान मकानों की रैकी कर दिनदहाड़े देते थे चोरी को अंजाम, मगर पुलिस के शिकंजे से बच न सके

Share

– पुलिस ने किया चार चोरियों का पर्दाफाश

– ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से खुलासा, 3.67 लाख के आभूषण बरामद

देवास। देवास जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने सख्ती से काम किया और ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की। चोर दिनदहाड़े सूने मकानों की रैकी कर वारदात को अंजाम देते थे, लेकिन इस बार उनकी चालाकी ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 लाख 67 हजार रुपए के आभूषण बरामद किए।

पहली चोरी की घटना थाना सोनकच्छ (9 फरवरी): फरियादी दिनेश मालवीय ने बताया, कि सुबह 10 बजे मैं अपने घर का ताला लगाकर काम से सोनकच्छ चला गया था। जब वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ था।

दूसरी घटना- थाना बागली (19 फरवरी):
फरियादी जितेंद्र जलोदिया के मुताबिक, सुबह 9 बजे मैं काम पर चला गया था। मेरी पत्नी दोपहर 1 बजे आंगनवाड़ी से लौटी तो देखा, कि घर का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है।

तीसरी घटना- थाना हाटपीपल्या (19 फरवरी): फरियादी अंबराम धनगया ने बताया कि, मैं रोज की तरह मजदूरी करने गया था। शाम को जब घर लौटा तो देखा कि दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।

चौथी घटना- थाना भौरासा (19 फरवरी): फरियादी जितेंद्र रेकवाल ने बताया, सुबह मैं मजदूरी के लिए गया था और जब शाम को वापस लौटा तो देखा कि मेरे घर का ताला टूटा पड़ा था और सामान चोरी हो चुका था।

आरोपियों को किया गिरफ्तार-
चारों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और हरनारायण बाथम (यातायात/ग्रामीण) के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने ग्राम हनौती तहसील मक्सी, जिला शाजापुर निवासी माखन पिता चंदरसिंह गुर्जर (36 वर्ष) व बनेसिंह पिता चंदरसिंह गुर्जर (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चारों चोरियों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस टीम की शानदार कार्रवाई-
इस सफलता में थाना प्रभारी बागली मनीषा दांगी, थाना प्रभारी सोनकच्छ श्यामचंद्र शर्मा, थाना प्रभारी हाटपीपल्या अभिनव शुक्ला, थाना प्रभारी भौरासा प्रीति कटारे सहित उनकी टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सायबर सेल टीम ने भी तकनीकी विश्लेषण कर अहम सुराग जुटाए।

देवास पुलिस की इस तेज़ और सटीक कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Back to top button