बिजली कंपनी ने डीआरए एक्ट के तहत बकायादारों से वसूली तेज की

– बिजली का बिल नहीं भरा तो गाड़ी भी जाएगी और बैंक खाता भी!
देवास। अगर आप लंबे अरसे से बिजली का बकाया बिल भरने में लापरवाही बरत रहे हैं, तो होशियार हो जाइए! मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी ने अब बिजली कनेक्शन काटने से भी सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बकायादारों पर ड्यूज रिकवरी एक्ट (DRA Act)के तहत कार्रवाई तेज हो गई है। अब सिर्फ बिजली नहीं जाएगी, बल्कि आपकी गाड़ी जब्त होने के साथ दुकान और बैंक खाता भी सीज हो सकता है।
1.99 करोड़ की बकाया राशि, 1058 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई
विद्युत वितरण कंपनी ने जिलेभर में 1058 बकायादारों के खिलाफ कुर्की और जब्ती अभियान चलाया है। जिन लोगों ने लंबे समय से बिजली का बिल नहीं चुकाया, उनकी मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर, आटा चक्की तक जब्त कर ली गई और दुकानों को भी सील कर दिया गया। कई लोगों के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। अगर बिल नहीं भरा तो अगली बार बिजली कंपनी की टीम चाबी मांगेगी, गाड़ी ले जाएगी और खाता सीज कर देगी!
इधर बिजली कंपनी की इस सख्त कार्रवाई से बकायादारों में हड़कंप मच गया। जैसे ही जब्ती की कार्रवाई शुरू हुई, 700 से अधिक उपभोक्ताओं ने डर से तुरंत 1 करोड़ रुपए जमा कर दिए। बिजली कंपनी ने यह स्पष्ट कर दिया है, कि अब सिर्फ नोटिस भेजकर चेतावनी देने का दौर खत्म हो गया है। जो लोग बार-बार बिल जमा करने से बच रहे हैं, उन पर अब सीधी कार्रवाई की जा रही है। देवास शहर और ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ सोनकच्छ, टोंकखुर्द, कन्नौद, खातेगांव, सतवास, हाटपिपलिया और बागली में कार्रवाई की गई है। बिजली कनेक्शन काटने के अलावा, चल-अचल संपत्ति की कुर्की भी जारी है। बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
फरवरी-मार्च में जारी रहेगा बिजली कंपनी का सख्त अभियान-
बिजली कंपनी ने साफ कर दिया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। मार्च में भी सघन चेकिंग और जब्ती कुर्की की कार्रवाई जारी रहेगी। विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री केतन रायपुरिया ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली का बिल भरना आपकी जिम्मेदारी है। जो उपभोक्ता बकाया भुगतान नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे, संपत्ति जब्त होगी और बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए जाएंगे। परेशानी से बचें और समय पर बिल जमा करें।




