खेत-खलियान

आरिया गांव में तेंदुए की आमद से फैली दहशत

Share

 

सीसीटीवी में कैद हुई की हलचल

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। देवास जिले के बागली क्षेत्र में वन्य प्राणी की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बेहरी-बागली मार्ग पर लखवाड़ा पंचायत के आरिया गांव के समीप बीती रात एक वयस्क तेंदुआ नजर आया, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गईं।

तेंदुए की आमद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के ग्रामीणों, खासकर किसानों में डर का माहौल है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

गांव आरिया के समीप बेहरी रोड पर तेंदुए के दिखाई देने की घटना ने ग्रामीणों में सनसनी फैला दी है। स्थानीय किसान चतुर्भुज भाटी के अनुसार, उनका मकान और खली की दुकान सड़क किनारे स्थित है, जहां रात करीब 3:30 बजे तेंदुआ पहुंचा और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

भाटी ने बताया कि उनके दुधारू जानवर मकान के अंदर सुरक्षित रखे जाते हैं, परंतु आसपास के अन्य किसानों के मवेशी खुले में बंधे रहते हैं। इससे वन्य प्राणी द्वारा शिकार की आशंका बनी रहती है।

इस वायरल वीडियो के बाद किसान हुकम सिंह टाक और कैलाश टाक सहित अन्य ग्रामीणों ने चिंता जाहिर की। उन्होंने बताया कि वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में अभी नींदाई का काम चल रहा है और लोग देर रात तक खेतों में ही रहते हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) गजानन बिरला ने बताया कि बागली क्षेत्र में एक साल में यह दूसरी घटना है जब तेंदुए की उपस्थिति दर्ज की गई है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम को तत्काल फील्ड में भेजा गया है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे अपने मवेशियों को रात में खुले में न रखें और सुरक्षा की व्यवस्था करें।

ग्रामीणों की मांग:
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगवाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने की मांग की है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो और गांव के लोग चैन से रह सकें।

Back to top button