भौंरासा में ट्रांसफार्मरों की बार-बार जल रही थी केबल, जांच में यह आया सामने

– चेकिंग अभियान में हीटर, इंडक्शन और रॉड जब्त, उपभोक्ताओं को दी चेतावनी
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। भौंरासा वितरण केंद्र अंतर्गत नगर क्षेत्र में आए दिन ट्रांसफार्मरों की एलटी केबल जलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। बार-बार हो रही इस तकनीकी समस्या के निराकरण के लिए बिजली विभाग ने भौतिक निरीक्षण की कार्रवाई की।
टीम ने उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान भारी लोड बढ़ाने वाले उपकरणों का उपयोग सामने आया। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उपकरण नष्ट किए और उपभोक्ताओं को समझाइश दी कि भविष्य में हीटर व अन्य भारी विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें।
कार्यपालन यंत्री सोनकच्छ अंकुर गोयल के मार्गदर्शन में सहायक यंत्री उदेसिंह कटारा, कनिष्ठ यंत्री मंसूर अली, कनिष्ठ यंत्री वंदना चौहान, सुमित रैकवार सहित अन्य तकनीकी स्टाफ की टीम ने उपभोक्ताओं के परिसरों का लोड सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा ठंड से बचने और पानी गर्म करने के लिए हीटर व इंडक्शन का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा है। यही वजह है कि ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार बढ़ रहा है और उनकी केबल बार-बार जल रही है।
इस पर टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए करीब 110 उपभोक्ताओं के घरों की जांच की। इस दौरान 18 इलेक्ट्रिक हीटर, 4 इंडक्शन चूल्हे और 4 पानी गर्म करने की रॉड जब्त की गईं। मौके पर ही 18 उपभोक्ताओं के पंचनामे भी बनाए गए। जब्त किए गए हीटरों को वहीं पर नष्ट कर दिया गया।
विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सख्त समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि आगे से घरेलू ट्रांसफार्मरों पर अनावश्यक भार डालने वाले उपकरणों का उपयोग न करें। खाना पकाने व पानी गर्म करने के लिए गैस सिलेंडर या अन्य वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करने की अपील भी की गई।
बिजली विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही ट्रांसफार्मरों की बार-बार होने वाली खराबी रोकी जा सकती है। यदि इस तरह का अवैध व अतिरिक्त लोड बढ़ाने वाला उपयोग बंद नहीं किया गया, तो आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।




