रील के जुनून ने छीन ली दो जिंदगियां, देवास में ट्रेन हादसे में दो किशोरों की मौत

देवास। सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। शहर के बीराखेड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में दो किशोरों की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना न केवल दो परिवारों के लिए गहरा सदमा है, बल्कि युवाओं के लिए एक कड़ा संदेश भी छोड़ती है कि रेलवे ट्रैक किसी भी हाल में मनोरंजन या वीडियो शूटिंग की जगह नहीं है।
मृतकों की पहचान आलोक (17) पिता श्रीराम, निवासी विकास नगर और सन्नी (17) पिता जगदीश योगी, निवासी शंकर नगर के रूप में हुई है। हादसे के समय उनके दो अन्य साथी भी साथ मौजूद थे, जो समय रहते ट्रैक से दूर हो गए और उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर कैटरिंग का काम करते थे। सोमवार को मेंढकी रोड स्थित एक शादी समारोह में काम करने के बाद मंगलवार को वे बीराखेड़ी क्षेत्र में अपने मित्र देव के कमरे पर पैसों का हिसाब करने पहुंचे थे। मित्र का कमरा रेलवे ट्रैक के पास स्थित है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आलोक और सन्नी रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। वहां दो रेलवे ट्रैक हैं और दोनों दिशाओं से ट्रेनें गुजरती हैं। पहली ट्रेन से तो वे बाल-बाल बच गए, लेकिन दूसरी ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
– रेलवे ट्रैक पर रील या वीडियो बनाना जानलेवा हो सकता है।
– कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।
– सतर्क रहें, सुरक्षित रहें आपकी जिंदगी अनमोल है।




