धर्म-अध्यात्म

Dewas news अवतरण दिवस पखवाड़े की पूर्णाहुति पर किया छाछ वितरण

Share

 

देवास में संत आसाराम बापू के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पखवाड़ा विभिन्न धार्मिक व सेवा गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिन मीरा बावड़ी चौराहा पर छाछ वितरण कर सेवा कार्यों की पूर्णाहुति की गई।

देवास। श्री योग वेदांत सेवा समिति, देवास द्वारा संत आसाराम बापू के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में 2 अप्रैल से प्रारंभ हुआ पखवाड़ा 17 अप्रैल को सेवा कार्यों के साथ पूर्ण हुआ। समापन अवसर पर मीरा बावड़ी चौराहा पर छाछ वितरण कर राहगीरों को गर्मी से राहत प्रदान की गई।

पखवाड़े के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 8 अप्रैल को आश्रम में अवतरण दिवस का मुख्य आयोजन धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पादुका पूजन, ध्यान-भजन, आशारामायण पाठ, भजन-कीर्तन एवं नृत्य के माध्यम से जन्मोत्सव मनाया गया तथा प्रसाद वितरण किया गया।

समिति द्वारा पूरे पखवाड़े में सेवा कार्यों को विशेष महत्व दिया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सड़कों की सफाई, पत्थर हटाने जैसी सेवाएं कीं। भक्तों ने इसे सेवा भाव से जोड़ते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन किया।

इसी क्रम में 5 अप्रैल को प्रेम नारायण राठौर एवं 12 अप्रैल को रामनारायण बघेल के निवास पर आशारामायण पाठ का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

समापन दिवस पर महिला मंडल एवं युवा सेवा संघ के सदस्यों द्वारा छाछ वितरण सेवा की गई। महिला मंडल की सदस्य संतोष पुरषोत्तम ने बताया कि संत का अवतरण दिवस विश्व सेवा सत्संग दिवस के रूप में मनाया जाता है और इसी भावना से देवास में भी सेवा कार्य किए गए।

उन्होंने बताया कि समिति समय-समय पर सामाजिक सेवा गतिविधियों जैसे गर्मी में छाछ-शरबत वितरण, सर्दी में जरूरतमंदों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराना तथा दीपावली पर मिठाई, दीपक व वस्त्र वितरण जैसे कार्य करती रहती है।

पखवाड़े के दौरान कुछ साधक मध्यप्रदेश में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भी शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य सेवा, सत्संग और समाज के प्रति सकारात्मक संदेश देना रहा।

Back to top button