सेवा के हर संकल्प को साकार कर रही मां चामुंडा सेवा समिति: आचार्य यादराम शास्त्री

देवास। मधुबन कॉलोनी स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 11 अप्रैल से श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य आयोजन जारी है। कथा के दौरान पूर्णानंद आश्रम, सोंख अड्डा (गोवर्धन, मथुरा, उत्तर प्रदेश) से पधारे कथा वाचक आचार्य श्री यादराम जी शास्त्री के मुखारविंद से बह रही ज्ञान गंगा का श्रद्धालु भावपूर्वक श्रवण कर रहे हैं।
कथा के दौरान मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी प्रेमलता दीदी, बैंक नोट प्रेस के उप महाप्रबंधक अभिराज सिंह और मीनल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। समिति संयोजक रामेश्वर जलोदिया के नेतृत्व में आचार्य श्री शास्त्री सहित आयोजक मंडल के अंबिका प्रसाद वर्मा, द्रौपती वर्मा, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर समिति के पदाधिकारियों और मुख्य पुजारी हेमंत शर्मा का शाल, श्रीफल, चुनरी एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर आचार्य श्री शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि सेवा का भाव मनुष्य को हर दृष्टि से सक्षम बनाता है। सेवा किसी एक सहायता तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह एक व्यापक और मानवीय भावना है, जो जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती है। उन्होंने कहा कि सेवा के लिए बड़े संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि सच्चे भाव से किया गया छोटा प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।
कार्यक्रम में मां चामुंडा सेवा समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह मेहता, नरेंद्र मिश्रा, उम्मेद सिंह राठौड़, नारायण व्यास, दिनेश सांवलिया, शशिकांत गुप्ता, अभिषेक अवस्थी, अवधेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मातृशक्ति की ओर से प्रेमलता चौहान, मंजू जलोदिया और कला तंवर सहित सैकड़ों धर्मप्रेमियों ने कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का आनंद ले रहे हैं।




