श्रावण के प्रथम सोमवार पर नेमावर में भक्तों का उमड़ा सैलाब

– नगर भ्रमण पर निकले सिद्धनाथ
नेमावर (संतोष शर्मा)। श्रावण माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर भगवान सिद्धनाथ के दर्शन के लिए भक्तों का सुबह से लेकर रात तक तांता लगा रहा। भक्त दूर-दूर से दर्शन-पूजन के लिए यहां पहुंचे। पूजन के साथ ही मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान का पुण्य लाभ भी लिया। शाम को भगवान सिद्धनाथ प्रजा के हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले।
सोमवार को दर्शन के लिए अलसुबह 4 बजे पट खुलने के साथ ही दर्शन हेतु लाइन लग गई थी। सुबह 4 बजे भगवान सिद्धनाथ की प्रथम भस्म लेपन कर भस्म आरती की गई। भस्म आरती दर्शन हेतु भक्तों का रविवार रात्रि से ही आगमन होने लगा। सुबह मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर भस्म आरती के दर्शन का लाभ लिया।
इसी के साथ जलाभिषेक, पूजन-अर्चन का दौर आरंभ हो गया, जो दोपहर मध्यंत में लगने वाली महाप्रसादी तक अनवरत चलता रहा। दोपहर पश्चात संध्या काल की शयन आरती होने तक अभिषेक किए गए। शाम 5 बजे भगवान के अष्ट धातु के मुखौटे को स्नान कराकर श्रंगारित किया। भगवान की मठ प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना कर आरती उतारी गई।
सुसज्जित चांदी की पालकी में भगवान सिद्धनाथ को विराजित कर भक्तों ने नगर भ्रमण कराया। पालकी यात्रा मठ प्रांगण से आरंभ होकर बस स्टेंड तिराहा, प्रयास चोक, महावीर मार्ग, बाजार चोक, गुर्जर मोहल्ला, रामा बाबा की डोली होते हुए पटेल मोहल्ले, कृष्ण गली से पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। नगर में भगवान सिद्धनाथ की जगह-जगह आरती व पुष्पवर्षा की गई। पालकी यात्रा के साथ ढोल, मृदंग, तांसे के साथ भजन गायकों की टोली आकर्षण का केंद्र रही।
यात्रा में महंत संदीप पुरी, मनोहर पुरी, जनपद उपाध्यक्ष मनीष पटेल, दिगपाल तोमर, अशोक व्यास, प्रमोद भीसे, अर्जुन सिंह तोमर, थाना प्रभारी सुरेखा निमोदा, पूर्व एल्डरमैन संतोष शर्मा सहित सैकड़ों भक्त भोले शंभू भोले नाथ के जयकारे के साथ चल रहे थे।




