मात्र 5 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, बरोठा पुलिस की मुस्तैदी से दो आरोपी सलाखों के पीछे

रंजिश में लाठी-डंडों से पीटकर की थी हत्या
सिरोल्या (अमर चौधरी)। जिले के थाना बरोठा क्षेत्र में घटित एक सनसनीखेज हत्या की वारदात का पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आपसी रंजिश के चलते की गई इस नृशंस हत्या ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया गया।
घटना 29 दिसंबर की है। ग्राम कैलोद निवासी नीलेश पटेल (37 वर्ष) ने थाना बरोठा पहुंचकर सूचना दी कि उसके पिता मांगीलाल (55 वर्ष) पर गांव के ही राजेश पिता सालागराम एवं राजवीर पिता राजेश पटेल ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों आरोपियों ने अचानक हमला करते हुए मांगीलाल को बेरहमी से पीटा, जिससे उनके हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
परिजन घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बरोठा में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सविता सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खेत में पुरानी गिट्टी खदान के पीछे बनी टापरी में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी-
राजेश पिता सालागराम पटेल, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम कैलोद, थाना बरोठा, जिला देवास
राजवीर पिता राजेश पटेल, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी ग्राम कैलोद, थाना बरोठा, जिला देवास
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम-
इस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सविता सिंह जाटव, उप निरीक्षक मलखान सिंह भाटी, कविता माले, मयंक वर्मा, सउनि ईश्वर मंडलोई, गौरीशंकर, प्रधान आरक्षक तेजसिंह, सचिन पाल, टीना पटेल, आरक्षक विजेन्द्र, अजय पाल, पीयूष पटेल, आदर्श, भरत चरपोटा, आशीष, सैनिक शेखर चौधरी एवं प्रधान आरक्षक सचिन चौहान (सायबर सेल) की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद मिली, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के बीच सख्त संदेश भी गया कि कानून से बचना अब आसान नहीं।




