शिक्षा

हार से खिलाड़ियों को निराश नहीं होना चाहिए- जेल उप अधीक्षक दुबे

सतपुड़ा एकेडमी में चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

देवास। मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी में चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 27 दिसंबर से प्रारंभ हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि जिला जेल उप अधीक्षक अनिल दुबे, जेल सहायक अधीक्षक विजयसिंह बारिया, विद्यालय संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य अमित तिवारी ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र का विधिवत पूजन-अर्चन, दीप प्रज्ज्वलन कर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। बहनों ने अतिथियों का मंगल तिलक किया। संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य अमित तिवारी, उपप्राचार्य रश्मि रघुवंशी, पल्लवी भटनागर ने अतिथियों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

संस्था द्वारा आयोजित चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के 1500 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। प्रथम दिवस खेल स्पर्धा में कक्षा नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने दौड़ में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। चेयररैस, जोड़ी बनाओ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के साथ ही बच्चों ने अपने मस्तक पर पुस्तक रखकर बेलेंस दौड़ में सहभागिता की। वहीं रंग-बिरंगी बॉलों को लेकर खेल खेला।

एथलेक्टिस में बालक-बालिकाओं ने 100, 200 मीटर रेस के साथ ही 400 मीटर रिले रैस में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। चार हाउस, जिनमें छत्रपति शिवाजी, महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मीबाई, स्वामी विवेकानंद शामिल हैं, के बच्चों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया और श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। बच्चों ने ऐरोबिक्स नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। स्कूली बैंड ने राष्ट्रीय धुन पर मार्चपास्ट किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल उप अधीक्षक श्री दुबे ने बच्चों को अपना मार्गदर्शन देते हुए कहा कि खेल के मैदान में हार और जीत तो होती रहती है। एक टीम जीतती है, दूसरी हारती है, लेकिन इससे खिलाड़ी को निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि सबसे महत्वपूर्ण बात यह होती है कि उसका खेल के मैदान में खेलना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी आवश्यक है। संस्था द्वारा खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने का जो काम किया जा रहा है, वह सराहनीय है। कार्यक्रम का संचालन इशिका चौधरी, अर्पिता गौड़, अस्तित्व चौधरी, पुष्पराजसिंह परिहार ने किया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button