खेत-खलियान

झमाझम बारिश से खेत हुए तरबतर

Share
  • किसान बोवनी की तैयारी में जुटे, कई खेतों में बोवनी भी शुरू

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष मानसून सही समय पर आया है। शुक्रवार-शनिवार को मानसून सक्रिय हुआ। पूरे क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। लगातार दो दिन तक चली बारिश ने खेतों को तरबतर कर दिया, वही सूखे प्यासे नदी-नालों में भी पानी बहने जैसी स्थिति में आ गया। किसानों ने खेतों को बोवनी के लिए तैयार कर लिया है। कुछ किसान बोवनी भी कर रहे हैं। इन्हें कृषि विभाग ने आवश्यक सलाह भी दी है।

किसानों का कहना है, कि सब कुछ ठीक रहा तो एक-दो दिन में खेतों में बराप आने पर पूरे क्षेत्र में बोवनी होने की संभावना है। किसी भी फसल की बोवनी के लिए पानी गिर चुका है। इतनी बारिश में बोवनी के लिए तैयारी हो जाएगी। वरिष्ठ किसान नाथूसिंह दांगी ने बताया क्षेत्र में पर्याप्त पानी गिर चुका है। किसानों ने खेत को पहले से ही हकाई-जुताई कर तैयार कर रखा। दो दिन की झमाझम वर्षा में खेतों में पानी रंज गया है। 24 घंटे तक तो खेत गिले ही रहेंगे। बोवनी की स्थिति दिनभर सूखा रहने के बाद ही आएगी।

किसानों ने कर ली तैयारी-

खरीफ में सोयाबीन, मक्का, मूंगफली, उड़द, तिल्ली, लाल तुअर आदि फसलों की तैयारी किसानों द्वारा कर ली गई है, जिन्हें जो फसल लगाना है उस हिसाब से बीज को साफ कर लिया गया है। कुछ किसान बीज साफ करने में जुट गए हैं।

सोयाबीन के लिए थोड़ा इंतजार करें-

कृषि विस्तार अधिकारी काशीराम चौहान का कहना है क्षेत्र में 20 प्रतिशत मक्का एवं लाल तुअर की चौपाई हो गई है। जिन किसानों को मक्का, लाल तुवर, उड़द की चौपाई करनी है, वे देर नहीं करें। इस बारिश में खेत तैयार कर मक्का अवश्य चोप दें। जिन किसानों को सोयाबीन फसल लगानी है, वे थोड़ा इंतजार कर लें। पर्याप्त बारिश के बाद ही सोयाबीन का बीज लगाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button