गांधीसागर में बन रही देश की सबसे बड़ी पंप्ड हाइड्रो परियोजना, 1920 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता
11,500 करोड़ रुपए की लागत से हो रहा निर्माण, मीडिया प्रतिनिधियों ने देखी परियोजना की तकनीकी विशेषताएं

देवास। नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में विकसित की जा रही 1,920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की निर्माणाधीन साइट पर बुधवार को मीडिया भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्रीनको MP01 IREP प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का देवास जिले के मीडिया प्रतिनिधियों तथा मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भ्रमण कर प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला जनसंपर्क अधिकारी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।
प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी परियोजना की विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट स्वपन मोहंती द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान श्री मोहंती ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की परिकल्पना, निर्माण की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं एवं ऊर्जा भंडारण की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही परियोजना स्थल पर लागू सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।
इसके पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों ने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान लोअर रिजर्वायर, कॉफर डैम, भूमिगत पावर हाउस एवं अपर रिजर्वायर सहित प्रमुख निर्माणाधीन संरचनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कंपनी के अधिकारियों ने इन संरचनाओं की तकनीकी उपयोगिता, विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया तथा भविष्य में देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में परियोजना की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मीडिया प्रतिनिधियों को बताया गया कि लगभग 11,500 करोड़ रुपए के निवेश से विकसित की जा रही यह परियोजना भारत की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। इसकी स्थापित क्षमता 1920 मेगावाट है। परियोजना के माध्यम से अतिरिक्त सौर एवं पवन ऊर्जा का उपयोग कर जल को ऊपरी जलाशय में संग्रहित किया जाएगा तथा आवश्यकता के समय इसी जल से टरबाइन संचालित कर विद्युत उत्पादन किया जाएगा।
यह परियोजना अधिकतम 6 घंटे तक निरंतर विद्युत उपलब्ध कराने में सक्षम होगी। विशेष रूप से पीक आवर्स में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने तथा नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता में होने वाले उतार-चढ़ाव को संतुलित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। परियोजना में गांधीसागर जलाशय के जल का नॉन-कंजम्प्टिव आधार पर पुनः उपयोग किया जाएगा, जिससे जल की खपत नहीं होगी।
हरित ऊर्जा के प्रभावी उपयोग को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना के पूर्ण संचालन से मध्यप्रदेश सहित देश के विद्युत ग्रिड को स्थिरता मिलेगी। साथ ही सौर एवं पवन ऊर्जा जैसी नवीकरणीय ऊर्जा के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा के भंडारण और आवश्यकता के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परियोजना के प्रथम टरबाइन सेट का संचालन दिसंबर 2026 से प्रारंभ करने तथा वर्ष 2027 में पूर्ण व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
4 हजार लोगों को मिले रोजगार के अवसर
परियोजना से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिल रही है। निर्माण कार्यों के दौरान अब तक लगभग 4,000 लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, स्थानीय रोजगार एवं विकास की संभावनाओं को और विस्तार मिलेगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में साकार हो रही महत्वाकांक्षी परियोजना
कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट श्री मोहंती ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों, अनुकूल नीतियों एवं निवेश को प्रोत्साहित करने वाली व्यवस्थाओं से प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गति मिली है।
जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गांधीसागर में 1920 मेगावाट क्षमता की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण संभव हो पा रहा है। यह परियोजना मध्यप्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मीडिया भ्रमण का उद्देश्य परियोजना की वास्तविक प्रगति, तकनीकी विशेषताओं, पर्यावरणीय लाभ तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में इसकी भूमिका से आमजन को मीडिया के माध्यम से अवगत कराना था। मीडियाकर्मियों का आभार प्रदर्शन कंपनी के अस्सिटेंट जनरल मेनेजर कमलेश सिंह परिहार द्वारा किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के समन्वय अधिकारी अमित सोनी भी उपस्थिति रहे।
कार्यक्रम में देवास के जिला जनसंपर्क अधिकारी शिवम शुक्ल सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




