शिक्षा

राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों ने दिया सेवा का संदेश

Share

 

नारायण विद्या मंदिर क्रमांक-1 में हुआ आयोजन, ‘हम होंगे कामयाब’ की प्रस्तुति ने बांधा समां

देवास। समाजसेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए नारायण विद्या मंदिर शासकीय उमावि क्रमांक-1 में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने ‘हम होंगे कामयाब’ गीत की प्रस्तुति देकर सेवा और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी मिर्जा मुशाहिद बैग ने बताया कि विद्यालय में स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा विभाग के जिला अकादमिक समन्वयक राजेंद्र वर्मा थे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य केके मिश्रा ने की। अतिथियों का स्वागत राष्ट्रीय सेवा योजना का बैज लगाकर किया गया।

प्राचार्य केके मिश्रा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज से जुड़कर कार्य करने का अवसर देती है। विद्यालय के स्वयंसेवक आगे चलकर समाज में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएंगे और सेवा कार्यों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान देंगे।

मुख्य अतिथि राजेंद्र वर्मा ने स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रसेवा की दिशा में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक विद्यालय में अनुशासन और सेवा भावना के उदाहरण बने हुए हैं।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने ‘हम होंगे कामयाब’ गीत की प्रस्तुति दी, जिसे अतिथियों ने सराहा। कार्यक्रम में विद्यालय के स्वयंसेवकों के साथ शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मिर्जा मुशाहिद बैग ने किया तथा आभार नीलप्रिय नीमा ने माना।

Back to top button