रंजिश में दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला, तीनों आरोपी गिरफ्तार
श्यामा गार्डन में 20 नवंबर की रात हुई थी वारदात, घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के बाद हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाई

देवास। पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप लिया कि तीन युवकों ने मिलकर दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। शहर के श्यामा गार्डन क्षेत्र में 20 नवंबर की रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
आखिरकार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बीएनपी पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों की चिकित्सकीय रिपोर्ट में गंभीर चोटें सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं का इजाफा किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे श्यामा गार्डन क्षेत्र में रंजिश के चलते तीन व्यक्तियों ने दो युवकों के साथ मारपीट की और उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बीएनपी थाने में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इस बीच घायलों की चिकित्सकीय रिपोर्ट प्राप्त होने पर चोटों की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गईं।
वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में अहम सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई तथा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के नाम- राजपाल सिंह उम्र 24 वर्ष, नरेंद्र सिंह उम्र 28 वर्ष एवं अरुण उम्र 20 वर्ष तीनों निवासी संवरसी।
सराहनीय भूमिका- उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बीएनपी निरीक्षक प्रीति कटारे, उप निरीक्षक गौरीशंकर यादव, सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल भगोरा, रविन्द्र गोदार, प्रधान आरक्षक अभिषेक पांडे, आरक्षक उमेश भदौरिया एवं आरक्षक सिराज की सराहनीय भूमिका रही।




