क्राइम

बैंक से रुपए निकालकर लौट रहे कर्मचारी को पिस्तौल अड़ाकर लूटने वाले दो आरोपियों को 3-3 साल की सजा

Share

 

देवास। बैंक से नकदी निकालकर कंपनी लौट रहे कर्मचारी को रास्ते में पिस्तौल अड़ाकर लूटने वाले दो आरोपियों को आखिरकार उनके अपराध की सजा मिल गई।

बदमाशों ने दिनदहाड़े फरियादी को निशाना बनाते हुए उसका बैग छीन लिया था, जिसमें 1 लाख 60 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन रखा था। मामले में प्रभावी पुलिस विवेचना और अभियोजन की पैरवी के चलते न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 3-3 वर्ष के कारावास और 2-2 हजार रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया है।

मामला 17 फरवरी 2023 का है। फरियादी दीपक पीतलिया निवासी संजय नगर, देवास, ध्वनि कंपनी के अकाउंट मैनेजर शक्तिवर्धन निगम द्वारा दिए गए 1 लाख 60 हजार रुपए के चेक को बैंक से नकद कराकर मोटरसाइकिल से औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी लौट रहे थे। इसी दौरान गेल गैस पेट्रोल पंप के आगे सर्विस रोड पर पीछे से काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश उनके पास पहुंचे। बदमाशों में से एक ने फरियादी पर पिस्तौल तान दी और उनका बैग छीन लिया। बैग में 1 लाख 60 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन रखा हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। साक्ष्यों के संकलन और आवश्यक अनुसंधान के बाद पुलिस ने 24 अप्रैल 2023 को न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया। यह प्रकरण लूट के चिन्हित मामलों में शामिल था।

न्यायालय ने सुनाई तीन-तीन साल की सजा

प्रकरण की सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अभिजीत सिंह, न्यायालय देवास ने आरोपी आशीष तिवारी निवासी मुखर्जी धाम नगर, देवास और देवेंद्र सिंह बैस निवासी विजयनगर, देवास को लूट करने तथा बिना लाइसेंस अवैध पिस्तौल रखकर संत्रास कारित करने के मामले में दोषी ठहराया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 3-3 वर्ष के कारावास एवं 2-2 हजार रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया।

अभियोजन और पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से एडीपीओ प्राची गुप्ता द्वारा प्रभावी पैरवी की गई। वहीं न्यायालयीन कार्यवाही में कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक नरेंद्र मालवीय, कोर्ट मुंशी आरक्षक अतुल एवं वारंट मुंशी आरक्षक संदीप प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने इस फैसले को गंभीर अपराधों में प्रभावी विवेचना और सुदृढ़ साक्ष्य संकलन के जरिए दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

Back to top button