बेहरी में बार-बार बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान
लो वोल्टेज और आधे-आधे घंटे में बिजली गुल होने से बढ़ी दिक्कत

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल होने और लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण घरेलू कामकाज और रात में आराम करने में दिक्कत हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक मुरली भंवरा से हस्तक्षेप कर विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि किसानों को सिंचाई के लिए रात में बिजली दी जा रही है। वहीं, गांव में घरेलू विद्युत आपूर्ति के दौरान भी बार-बार कटौती और लो वोल्टेज की स्थिति बन रही है। कई बार आधे-आधे घंटे के अंतराल में बिजली आने-जाने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित होती है। लो वोल्टेज के कारण विद्युत उपकरणों के खराब होने की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीण जुगल पाटीदार, पवन पाटीदार, दुर्गेश शेरा, जगदीश जीराती, राजेश यादव, राहुल दांगी, छोटू बागवान, दिनेश बामनिया सहित अन्य लोगों ने विधायक मुरली भंवरा को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने विधायक से विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कटौती बंद कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि किसानों की सिंचाई संबंधी जरूरतों के साथ घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
इधर, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद यादव ने भी विद्युत विभाग से गांव की बिजली व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा बार-बार कटौती और लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।



