युवा कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कलेक्टर का किया स्वागत
प्राकृतिक और मिश्रित खेती के अनुभव साझा किए

देवास। मध्यप्रदेश शासन से सम्मानित ग्राम छोटी चुरलाय के युवा कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कलेक्टर नेहा मीना से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने माताजी का छायाचित्र भेंटकर कलेक्टर का स्वागत किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और कृषि के नए तौर-तरीकों सहित किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कलेक्टर को बताया कि वे लंबे समय से मिश्रित खेती कर रहे हैं। इस पद्धति में एक से अधिक फसलें लेने का लाभ यह है कि यदि किसी कारणवश एक फसल प्रभावित होती है, तो दूसरी फसल से उसकी भरपाई हो जाती है। इससे आर्थिक नुकसान की आशंका कम रहती है।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अपने खेत की मेढ़ पर बड़ी संख्या में पौधारोपण भी किया है। इनमें से कई पौधे अब पेड़ बन चुके हैं। वे अन्य किसानों को भी पौधारोपण और प्रकृति के अनुकूल खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
चर्चा के दौरान कलेक्टर नेहा मीना ने ई-टोकन व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए पूछा कि किसानों को इसमें किसी तरह की परेशानी तो नहीं आ रही है। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की और किसानों के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान राजपूत ने कलेक्टर को ग्राम छोटी चुरलाय आने का आमंत्रण भी दिया।

गौरतलब है कि धर्मेंद्रसिंह राजपूत अपने कृषि नवाचारों के लिए मध्यप्रदेश शासन से सम्मानित हो चुके हैं। वे पर्यावरण संरक्षण के साथ ही किसानों को नरवाई नहीं जलाने और प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए लगातार जागरूक कर रहे हैं। इस अवसर पर पं. ज्ञानेंद्र तिवारी, कुणाल शर्मा, स्वतंत्र शर्मा, विक्रमसिंह आदि उपस्थित थे।




