धर्म-अध्यात्म

क्षेत्र में घट स्थापना के साथ सजा मां का दरबार, कात्यायनी मंदिर में 9 दिन 9 जोड़े करेंगे विशेष पूजा

Share

 

 

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को बेहरी के प्रसिद्ध कात्यायनी माता मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना की गई। घट स्थापना के साथ ही माता का दरबार भव्य रूप से सज गया है और 9 दिन तक चलने वाले नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हो गया है।

मंदिर के पुजारी पं. अंतिम उपाध्याय व राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष विशेष संयोग में 9 दिन तक 9 जोड़ों द्वारा मां की आराधना की जाएगी। प्रतिदिन सुबह और शाम महाआरती, दुर्गा सप्तशती पाठ और श्रृंगार किया जाएगा। प्रथम दिन माता को चुनरी ओढ़ाकर विशेष श्रृंगार किया गया।

नवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर को केसरिया तोरण और फूलों से सजाया गया है। दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्य, पूर्व सरपंच रामचंद्र दांगी, केदार पाटीदार, संतोष पाटीदार माखन दांगी, गिरधारी बागवान, शिवनारायण विश्वकर्मा, बद्रीलाल पाटीदार, हेमराज पटेल, आत्माराम पाटीदार, दिनेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मंदिर समिति के प्रहलाद गिरि गोस्वामी ने बताया कि प्रतिदिन तुलादान, अष्टमी पर हवन और नवमी पर कन्या पूजन के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Back to top button