प्रशासनिक

देवास में रक्षाबंधन से पूर्व एनालॉग मावा पर बड़ी कार्रवाई

न्यू स्वदेशी स्वीट्स और जोधपुर स्वीट्स पर छापा; 972 किलो प्रतिबंधित एनालॉग मावा और मिठाइयां ज़ब्त, ट्रेंचिंग ग्राउंड में किया नष्ट

Share

देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार देवास में कलेक्टर ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में मिलावट विरोधी अभियान लगातार जारी है।

इसी कड़ी में जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने देवास के भोपाल चौराहा स्थित ‘जोधपुर स्वीट्स’ और नयापुरा में स्थित ‘न्यू स्वदेशी स्वीट्स’ की दुकान एवं कारखानों का औचक निरीक्षण कर कुल 972 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग मावा तथा इससे निर्मित मिठाइयां जब्त की। जांच में पाया गया कि जोधपुर स्वीट्स के गोदाम से यह अमानक सामग्री उसकी तीन अलग-अलग आउटलेट्स पर विक्रय हेतु भेजी जानी थी।

त्योहारों से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर शिकंजा, 19 नमूने भोपाल भेजे; लाइसेंस नियमों पर नोटिस 

ट्रेन्चिंग ग्राउंड पर विधिवत नष्टीकरण
बुधवार को जब्त इस भारी मात्रा में मिलावटी एवं अमानक एनालॉग मावे और मिठाइयों को गुरुवार को नगर निगम के शंकरगढ़ पहाड़ी स्थित ट्रेन्चिंग ग्राउंड ले जाया गया, नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर संपूर्ण अमानक सामग्री को पूरी तरह नष्ट करने की वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई।

क्या है एनालॉग मावा और क्यों है प्रतिबंधित?

शासन से जारी निर्देशानुसार एनालॉग मावा एवं एनालॉग पनीर वास्तविक दुग्ध उत्पाद नहीं हैं। इन्हें पाम ऑयल, घटिया वनस्पति तेल, मिल्क पाउडर एवं हानिकारक केमिकल्स के मिश्रण से तैयार किया जाता है। शासन के आदेशानुसार ऐसे सभी उत्पादों के निर्माण, भण्डारण एवं विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। ये उत्पाद जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं।

मिलावटखोरों पर जीरो टॉलरेंस की नीति

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। आने वाले दिनों में भी जिले भर में दूषित, मिलावटी और एनालॉग मावा, पनीर तथा अन्य दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध जांच व जब्ती की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

नकली मावा एवं पनीर विक्रय करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Back to top button