कृषि विभाग के दल ने बीज एवं खाद की दुकानों की जांच की, बीज के 18 और खाद के 10 नमूने लिए
किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश, प्रत्येक किसान को पक्का बिल देना अनिवार्य

देवास/टोंकखुर्द। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग के दल द्वारा जिले में संचालित कृषि आदान विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुल बीज के 18 एवं खाद के 10 नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महादेव कृषि सेवा केंद्र चापड़ा (बागली), शिव कृषि सेवा केंद्र बालोन (टोंकखुर्द), अंबिका कृषि सेवा केंद्र चोबाराधीरा (टोंकखुर्द), बालाजी ट्रेडिंग कन्नौद, सानवी एग्रो केमिकल्स कन्नौद, महाकाल एग्रो एजेंसी खातेगांव, मां नर्मदा इंटरप्राइजेज खातेगांव, पराग बीज उत्पादक सहकारी संस्था जियागांव, अंशुल एग्री क्लिनिक खातेगांव, कैलाशचंद धूत एंड कंपनी कन्नौद तथा भू-स्वरूपा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी बागली सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
कृषि विभाग के दल ने कृषि आदान विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वे किसानों को उच्च गुणवत्ता के बीज एवं खाद उपलब्ध कराएं। साथ ही, प्रत्येक किसान को कृषि आदान विक्रय करने पर अनिवार्य रूप से पक्का बिल प्रदान करें, ताकि किसानों को खरीदी गई सामग्री का उचित विवरण प्राप्त हो सके और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।



